
गोरखपुर: आज देशभर में गोवर्धन पूजा बड़े हर्षोल्लास के साथ मनायी जा रही है। इस दिन गोवर्धन महाराज, गौ माता और गोवर्धन परिक्रमा का विशेष महत्व है। वहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने गृह जनपद गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में पूरे विधि विधान से गोवर्धन पूजा की।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में पूरे विधि विधान से गोवर्धन पूजा कर प्रदेशवासियों के कल्याण, समृद्धि और शांति की कामना की। सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “आज गोरखनाथ मंदिर में विधि-विधान से गोवर्धन पूजा कर सबके कल्याण, समृद्धि और शांति की कामना की। इस अवसर पर गोमाता की सेवा का भी सौभाग्य मिला। योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण और गोमाता का आशीर्वाद हम सभी पर बना रहे।”
बता दें कि दीपावली के अगले दिन हर साल गोवर्धन पूजा का पर्व मनाया जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर समस्त ब्रजवासियों और गायों की देवराज इंद्र के प्रकोप से रक्षा की थी। इसके साथ ही उन्होंने इंद्र का अहंकार तोड़ा था।



