
UP AQI Report : यूपी में दिवाली की शाम लखनऊ समेत तमाम शहरों में जमकर आतिशबाजी हुई। जिसके बाद सोमवार सुबह राजधानी के साथ-साथ प्रयागराज और गोरखपुर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 500 के पार पहुंच गया है। जबकि प्रदेश में 10 प्रमुख शहरों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब स्तर पर पहुंच गयी। वहीं, कई जगहों पर सुबह धुंध और कोहरा भी देखने को मिला।
एक्यूआई डॉट इन के अनुसार, सोमवार सुबह 7 बजे प्रयागराज प्रदेश का सबसे प्रदूषित (वायु प्रदूषण) शहर रहा है। जहां एक्यूआई 522 तक पहुंच गया। इसके बाद गोरखपुर में एक्यूआई 508 और लखनऊ में 501 रहा। वहीं, सीतापुर में एक्यूआई 489, जौनपुर में एक्यूआई 478, गाजीपुर में एक्यूआई 475, कानपुर में एक्यूआई 432, वाराणसी में एक्यूआई 423, नोएडा में एक्यूआई 413 और गाजियाबाद में एक्यूआई 403 दर्ज किया गया। इस बीच, राजधानी लखनऊ और कानपुर में सुबह धुंध छायी रही। आज धूप निकलने और प्रदूषण का धुआं हटने के बाद तापमान में बढ़ोत्तरी की उम्मीद है।
दूसरी तरफ, कुछ शहरों में तापमान में भारी गिरावट देखने को मिली। महराजगंज, गोंडा, बिजनौर, मुजफ्फरनगर और संभल समेत 15 से ज्यादा जिलों में सुबह कोहरा छाया रहा। वहीं, रविवार रात का तापमान में 15°C से नीचे पहुंच गया। जिसके बाद अगले तीन दिनों में ठंड बढ़ने संकेत मिले हैं।



