अपराधउत्तर प्रदेशप्रयागराज

‘पुलिस के सामने मेरे पति को गोली मारी…’ प्रयागराज में वकील की हत्या पर पत्नी का आरोप

प्रयागराज। संगम नगरी में सीएम योगी आदित्यनाथ के दौरे से पहले एक वकील की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। नजूल की संपत्ति को लेकर पुरानी रंजिश में 52 साल के वकील को पेट में गोली मारी। जिसके बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें SRN अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, मृतक वकील की पहचान सलोरी निवासी सतीश कुमार श्रीवास्तव के रूप में हुई है। इस मामले में मुख्य आरोपी देवेंद्रनाथ मिश्रा भी वकील है। मृतक की पत्नी वर्षा ने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में उनके पति की हत्या की गई। उन्होंने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की है। पीड़ित पक्ष कहना है कि उनकी गैरमौजूदगी में देवेंद्रनाथ, उसकी पत्नी, निपेंद्रनाथ मिश्रा उर्फ बच्चू, अमरेंद्रनाथ मिश्रा उर्फ अनुपम समेत 7-8 लोग के साथ उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ करने लगा। उस वक़्त सतीश, उनकी पत्नी और बेटियां कॉलेज में थे। पड़ोसियों से सूचना मिलने पर वे अपने घर पहुंचे।

मृतक की पत्नी ने बताया कि घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि देवेंद्रनाथ और उसके साथ आये लोग उनके मकान में तोड़फोड़ कर रहा है। घर के पीछे प्लॉट की बाउंड्री तोड़ दी है। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो इस पर देवेंद्रनाथ ने उनके पति को धक्का दे दिया। फिर लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया। इसके बाद अमरेंद्रनाथ ने रिवॉल्वर निकाल ली। उसने मेरे पति के पेट में गोली मार दी। उन्होंने आरोप लगाया कि चौकी इंचार्ज विनय यादव ने भी उनमें पति के साथ मारपीट की।

वकील की हत्या के बाद 4 घंटे तक उनके घरवालों ने कार्रवाई को लेकर हंगामा किया। डीसीपी सिटी सागर जैन के आश्वासन के बाद घरवाले शांत हुए और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी देवेंद्र नाथ भी वकील है। हमलावरों का एक सीसीटीवी भी सामने आया है। इसमें सभी मुंह बांधे हुए जाते दिख रहे हैं। घटना कर्नलगंज थाना क्षेत्र की गुरुवार दोपहर 12 बजे की है।

डीसीपी सिटी सागर जैन ने बताया कि देवेंद्रनाथ मिश्रा और सतीश श्रीवास्तव के बीच नजूल की संपत्ति को लेकर पहले से झगड़ा चल रहा था। देवेंद्रनाथ गुरुवार करीब 11:45 बजे विवादित संपत्ति पर पहुंचा। वहां सतीश श्रीवास्तव की ओर से पहले से लगाया गया ताला तोड़ दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हुआ। इस दौरान देवेंद्रनाथ मिश्रा की ओर से फायरिंग की गई। इसमें एक गोली सतीश श्रीवास्तव के पेट में लग गई। जिसके बाद घायल सतीश को घरवाले राज नर्सिंग होम लेकर पहुंचे। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए स्वरूप रानी नेहरू (SRN) अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पीड़ित पक्ष की शिकायत पर थाना कर्नलगंज में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना में शामिल कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए 3 पुलिस टीमें बनाई गई हैं। आसपास लगे CCTV की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मुकदमा दर्ज होने के बाद जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।

Related Articles

Back to top button