
लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ में श्रद्धा दुबे नाम की सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर के फ्लैट से गिरकर कारोबारी ब्वॉयफ्रेंड की मौत हो गई। इस मामले में मृतक के परिजनों ने श्रद्धा पर ब्लैकमेलिंग और पीटकर चौथी मंजिल से फेंकने का आरोप लगाया है। मृतक पिछले 4 महीने से अपनी गर्लफ्रेंड के साथ लिव-इन में रह रहा था। घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे हजरतगंज थाना क्षेत्र के अवध ग्रीन अपार्टमेंट की है।
मृतक की पहचान शिवा शर्मा के रूप में हुई है, जो वंदे मातरम चिकन के नाम से कपड़े की दुकान और आंगन नाम से रेस्टोरेंट चलाता था। उसकी सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर गर्लफ्रेंड श्रद्धा दुबे के इंस्टाग्राम पर 1 लाख 41 हजार फॉलोअर हैं और उसने कुछ गानों के एलबम में भी काम किया है। जिस पर शिवा की हत्या का आरोप लगा है। मृतक का परिवार अलीगंज के सेक्टर-F के सी-40 में रहता है। उसकी मां रंजना शर्मा ने गर्लफ्रेंड श्रद्धा पर मारपीट, ब्लैकमेलिंग और हत्या जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
रंजना शर्मा का आरोप है कि उनका बेटा शिवा पिछले 4 महीने से श्रद्धा दुबे के साथ लिव-इन में रह रहा था। श्रद्धा उनके बेटे को झूठे आरोप में जेल भिजवाने की धमकी देती थी। वह चाहती थी कि उनका बेटा उसी के पास रहे। वह उसे तरह-तरह से ब्लैकमेल करती थी। 9 अक्टूबर रात करीब 7 बजे श्रद्धा दुबे और उसकी बहन के ड्राइवर आदिल का उनके पास फोन आया था। उनसे बताया कि शिवा की तबीयत खराब है। वो लोग उसे लेकर हॉस्पिटल जा रहे हैं। थोड़ी देर बाद आदिल ने बताया कि वे लोग शिवा को KGMU ले जा रहे हैं। इसके बाद जब उनका परिवार KGMU पहुंचा , तो श्रद्धा समेत सभी लोग शिवा की बॉडी दिखाकर भाग गए।
शिवा की मां ने बताया कि उनके बेटे के शरीर पर काफी चोटें थीं। उसके शरीर पर सिर्फ अंडरवियर थी और उसके शरीर पर मेकअप लगा था। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रद्धा दुबे, ड्राइवर आदिल, उसकी बहन रश्मि दुबे और अन्य लोगों ने मिलकर उनके बेटे की हत्या की है। श्रद्धा दुबे पहले भी शिवा से मारपीट करती थी।
रंजना शर्मा ने ये भी बताया कि जब उनके परिवार ने एंबुलेंस ड्राइवर से पूछताछ की, तो उसने उन्हें बताया कि वह 3 घंटे से राम मनोहर लोहिया अस्पताल और मेडिकल कॉलेज के चक्कर काट रहा है। इसके बाद वे लोग शिवा को अंदर भर्ती कराने ले गए, तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की मां ने सोची समझी साजिश के तहत हत्या का आरोप लगाया है। फिलहाल, पुलिस कारोबारी को धक्का दिए जाने समेत अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है।



