
UP Voter List : देश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच यूपी में चुनाव आयोग एक अभियान चलाने जा रहा है। जिसके तहत यूपी में SIR-2026 के बाद भी अगर किसी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूट गया है तो उसे जोड़ने का काम किया जाएगा। ये काम बीएलओ को सौंपा गया है।
चुनाव आयोग की योजना के तहत SIR के बाद छूटे नामों को जोड़ने के लिए बीएलओ पुरानी और मौजूदा मतदाता सूची का मिलान कर छूटे मतदाताओं को चिह्नित करेंगे। इसके बाद वह घर-घर जाकर मतदाताओं की वर्तमान स्थिति का सत्यापन करेंगे। वहीं, पहली बार मतदान करने वाले युवाओं और अन्य पात्र नागरिकों से फार्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जाएगा।
मुख्य चुनाव अधिकारी नवदीप रिणवा ने बुधवार को मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में इस अभियान की रूपरेखा साझा की। इसके साथ ही उनसे सुझाव व सक्रिय सहयोग मांगा है। इस अभियान में बीएलओ द्वारा चिह्नित मतदाताओं की सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के साथ साझा की जाएगी। बूथ स्तर पर तैयार सूची को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराएंगे, ताकि छूटे हुए पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने का एक और अवसर मिल सके।
मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए बूथ स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। रात्रि आश्रयों, लेबर कालोनियों, आश्रयहीन तथा मुख्यधारा से वंचित लोगों को अभियान में विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। शिक्षण संस्थानों, स्वीप गतिविधियों, स्थानीय जनसंपर्क और नियमित प्रेस ब्रीफिंग के जरिए भी व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।



