
INDIA alliance meeting : भारत चुनाव आयोग और SIR को लेकर छिड़े सियासी घमासान के बीच दिल्ली की सड़कों विपक्षी इंडिया गठबंधन के खिलाफ पोस्टर लगाए हैं। जिनमें विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं की फोटो के साथ चुनाव आयोग पर दोहरा मापदंड का आरोप लगाया गया है। ये पोस्टर ऐसे वक्त पर लगाए हैं, जब इंडिया गठबंधन की बैठक होने वाली है।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली में आज होने वाली INDIA गठबंधन की बैठक से पहले शहर में कई जगहों पर विपक्ष के नेताओं को निशाना बनाते हुए होर्डिंग लगाए गए हैं। जिनके जरिए विपक्षी गठबंधन के नेताओं पर चुनाव आयोग (ECI) और EVM को लेकर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया गया है। इनमें एक पोस्टर में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी, आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन, राजेडी नेता तेजस्वी यादव और शिवसेना UBT प्रमुख उद्धव ठाकरे की तस्वीर है। इसके साथ लिखा है- “INDI Alliance का दोगलापन, जीते तो ECI को ताली, हारे तो ECI को गाली।”
एक अन्य पोस्टर में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को बिहार चुनाव से जुड़े मुद्दे पर घेरने की कोशिश की गई है। इन पोस्टरों में विपक्षी नेताओं की तस्वीरों के साथ चुनाव आयोग, EVM और चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए गए हैं। बता दें कि चुनाव आयोग में मतभेद और SIR को लेकर हालिया रिपोर्ट के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त साझा विपक्ष के निशाने पर हैं। साझा विपक्ष उनके इस्तीफे और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहा है। ऐसे में इंडिया गठबंधन की बैठक पर सबकी नजर है।



