
लखनऊ : सीएम योगी आदित्यनाथ की ओर से किए गए 1.27 करोड़ हिंदुओं का नाम वोटर लिस्ट से गायब होने के दावे को लेकर सियासी घमासान जारी है। इसके बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा दूसरे राज्यों से वोटर लाकर यूपी की वोटर लिस्ट में जुड़वाने की साजिश रच रही है। अब इस बयान पर कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया है कि यादवों और मुसलमानों ने मिलकर हिन्दुओं का वोट काटा है।
मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने शनिवार को एक समाचार एजेंसी से बातचीत में अखिलेश की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा , “अखिलेश यादव झूठ बोल रहे हैं। समाजवादी पार्टी को जिताने के लिए यादवों और मुसलमानों ने मिलकर हिंदू मतदाताओं का वोट काटा है। जब यह जानकारी सामने आई, तो पता चला कि मेरठ में एक ही परिवार के 20 सदस्यों के नाम वोटर लिस्ट से गायब थे, जबकि परिवार के ये सभी 20 सदस्य अपने घरों में ही मौजूद हैं। इसलिए अखिलेश यादव का आरोप बेबुनियाद है…जो लोग भारत में हैं, उनका नाम वोटर लिस्ट में रहेगा। अगर किसी का नाम काटा गया है, तो उसे फिर से जोड़ा जाएगा…”
अखिलेश यादव ने क्या लगाए थे आरोप
सीएम योगी के दावे के बाद राज्य चुनाव आयोग सक्रिय हो गया है। लेकिन, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एसआईआर (SIR) और मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को लेकर जो सवाल उठाए हैं। उससे नया विवाद खड़ा हो गया है। शुक्रवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा विधानसभा चुनाव में हार की आशंका से दूसरे राज्यों के लोगों के नाम उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची में जुड़वाने की तैयारी कर रही है। उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान और बिहार समेत अन्य राज्यों से लोगों के नाम यूपी की वोटर लिस्ट में शामिल कराने की साजिश की जा रही है।
पूर्व सीएम अखिलेश ने यह सवाल भी उठाया था कि भाजपा को कैसे पता चला कि प्रदेश में एक करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम कट गए हैं, जबकि विपक्ष को इसकी जानकारी तक नहीं है। सपा प्रमुख ने दावा किया कि करीब एक करोड़ पीडीए मतदाताओं के नाम भी सूची से हटाए गए हैं।



