
Dev Deepawali 2026 : वाराणसी में देव दीपावली का उत्सव 24 नवम्बर को मनाया जाएगा। इस अवसर पर काशी के सभी घाटों पर 11 लाख से ज्यादा दीये प्रज्ज्वलित करने की तैयारी चल रही है। देव दीपावली पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों को लेजर व ड्रोन शो का आनंद भी प्राप्त होगा। इस भव्य आयोजन को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को सीएम योगी ने देव दीपावली की तैयारियों पर समीक्षा बैठक में अधिकारियों से कहा कि आयोजन में आने वाले किसी भी श्रद्धालु और पर्यटक को असुविधा नहीं होनी चाहिए, क्योंकि यह काशी की सांस्कृतिक पहचान और आध्यात्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। देश-विदेश से इस आयोजन में शामिल होने वाले वाले पर्यटक यहां से सुखद अनुभव लेकर लौटें। सीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए हैं।
वाराणसी में देव दीपावली से पहले 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर गंगा महोत्सव आयोजित होगा। इस दौरान चारों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। जिनमें सीएम योगी के निर्देशानुसार, स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं, देव दीपावली पर काशी के सभी पक्के घाटों, गंगा के रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से ज्यादा दीये प्रज्वलित किए जाएंगे। इनमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की ओर से तैयार किए गए दीये भी शामिल होंगे।
24 नवंबर की शाम दशाश्वमेध घाट पर विश्वप्रसिद्ध गंगा महाआरती के बाद चेत सिंह घाट पर प्रोजेक्शन और लेजर शो आयोजित होगा। दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो होगा। इसके अलावा, ग्रामीण क्षेत्रों, सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर और प्रमुख कुंडों पर भी दीपोत्सव की विशेष व्यवस्था की गयी है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। ऐसे में सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और स्वच्छता के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।



