
बागपत : यूपी के बागपत में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अंगरक्षक सौरभ को गोली मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वह राष्ट्रपति भवन में तैनात हैं और दिवाली मनाने के लिए अपने घर आए थे। इस दौरान पटाखा जलाने को लेकर हुए मामूली विवाद में आरोपियों ने उन्हें गोली मार दी। इस समय सौरभ मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती हैं। ऑपरेशन के बाद उनके सिर से गोली निकाल ली गई है, लेकिन वह अभी भी आईसीयू में हैं और जिंदगी की लड़ाई लड़ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, सौरभ बागपत के थाना रमाला क्षेत्र के गोपालपुर खड़ाना गांव के रहने वाले हैं और 2021 में वह 2021 में राष्ट्रपति के अंगरक्षक के रूप में भर्ती हुए थे। इस समय उनकी तैनाती राष्ट्रपति भवन में है। आरोप है कि परिवार के साथ दिवाली मनाने गांव आए सौरभ रविवार रात अपने भाई विनीत और मिंटू के साथ घर के बाहर गली में पटाखे जला रहे थे। तभी गांव के धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण वहां पहुंचे और पटाखे चलाने को लेकर गाली-गलौच करने लगे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी सौरभ और उनके भाइयों मारपीट करने लगे।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी धीरज ने तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी। गोली पहले दीवार से टकराई और फिर सौरभ के सिर में कान के पीछे जा लगी। गोली सिर में ही फंस गई और सौरभ लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। आरोपियों का इससे भी दिल नहीं भरा तो उन्होंने सौरभ को गोली लगने के बाद उनके भाइयों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
घायल सौरभ को लेकर उनके परिजन आनन-फानन में बड़ौत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालांकि, सौरभ के परिजन उन्हें मेरठ के एक निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर्स ने ऑपरेशन कर सौरभ के सिर में फंसी गोली निकाल दी। लेकिन, इसके बाद भी उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वह आईसीयू में भर्ती हैं।
वारदात की सूचना मिलने पर एएसपी प्रवीण कुमार चौहान और सीओ अंशु जैन ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया और मामले की जानकारी जुटाई। घायल जवान सौरभ के पिता जनकराज की तहरीर के आधार पर धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं, इस घटना से प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।



