
लखनऊ: त्योहारों के सीजन के बीच लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय (अमौसी) एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही बढ़ने वाली है। इस एयरपोर्ट से रोजाना संचालित होने वाली उड़ानों में 40 अतिरिक्त उड़ानें जुड़ेंगी। जिसके बाद इन उड़ानों की संख्या 130 से बढ़कर 170 हो जाएगी। एयरपोर्ट का नया विंटर शेड्यूल 25 अक्टूबर से लागू होगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, नए शेड्यूल विंटर में लखनऊ अमौसी एयरपोर्ट से अहमदाबाद, देहरादून, बेंगलुरु, हैदराबाद, दिल्ली, मुंबई, गोवा और पटना रूट पर फेरे बढ़ेंगे। लेकिन, मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर मेंटेनेंस के चलते यात्रियों को थोड़ी दिक्कत हो सकती है, क्योंकि लखनऊ से मुंबई की 8 उड़ानें नवी मुंबई शिफ्ट होंगी। नवी मुंबई जाने वाले यात्रियों को करीब 500 ज्यादा खर्च और एक घंटे से अधिक अतिरिक्त समय लग सकता है।
आगामी सर्दियों में अमौसी एयरपोर्ट पर उड़ानों की सुरक्षित और आसान लैंडिंग सुनिश्चित करने के लिए समीक्षा बैठक की गई है। कोहरे में सुरक्षित लैंडिंग के लिए एयरपोर्ट पर लगे CAT-3B सिस्टम से कम दृश्यता में भी विमानों की लैंडिंग संभव होगी।
अमौसी से रोजाना उड़ानों की संख्या 170 होने से लखनऊ से अलग-अलग शहरों के लिए हवाई कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। ऐसे में त्योहारों पर लखनऊ से दूसरे शहर जाने या दूसरे शहरों से वापस लौटने वाले लोगों के लिए कुछ राहत होगी।



