
बरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज जनपद बरेली में आयोजित 68,000 ग्राम प्रहरियों के सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रहरियों को बड़ा तोहफा देते हुए उनके मानदेय 1000 बढ़कर 3500 किए जाने का ऐलान किया। हर ग्राम प्रहरी को सालाना ₹12 हजार रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। साथ ही उन्हें और उनके परिवार को 5 लाख रुपए तक कैशलेस इलाज मिलेगा।
बरेली में कार्यक्रम में ग्राम प्रहरियों के पुलिस सहयोग एवं अपराध नियंत्रण में योगदान को सराहा गया। इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, “प्रदेश सरकार ने ऐसा सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया है, जिसमें लोग बेझिझक और निडर होकर घरों से निकल सकते हैं तथा जगह-जगह स्थित शक्तिपीठों और मंदिरों में मां भगवती के दर्शन कर सकते हैं।हजारों की संख्या में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं के माध्यम से श्रद्धालु जगज्जननी मां दुर्गा के पूजन-अनुष्ठानों से जुड़कर अपनी आस्था को और सुदृढ़ कर रहे हैं।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “मानदेय वृद्धि के साथ ही प्रदेश के 68,000 ग्राम प्रहरियों और उनके परिवार को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में हम एक बड़ा कदम उठाने जा रहे हैं। इसके तहत ग्राम प्रहरी और उनके परिवार के सदस्यों को प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होगी।” उन्होंने आगे कहा, “75 वर्षों में ग्राम प्रहरियों का मानदेय मात्र ₹1,500 प्रतिमाह तक पहुंच पाया था। विगत साढ़े नौ वर्षों में हमने इसमें ₹2,000 प्रतिमाह की वृद्धि की है।”


