अयोध्याउत्तर प्रदेश

अयोध्या दीपोत्सव 2026 : इस बार 30 लाख दीयों से जगमगाएगी राम की पैड़ी, 35 हजार लोग बनाएंगे नया कीर्तिमान

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में इस बार दीपोत्सव को और भव्य बनाने की तैयारी चल रही है। जिसमें पिछले सभी कीर्तिमानों को पीछे छोड़ने और आकर्षण के नए आयाम स्थापित किया जाएगा। इस बार राम की पैड़ी पर 30 लाख दीप जलाकर नया कीर्तिमान स्थापित करने की तैयारी है। जिसकी जिम्मेदारी करीब 35 हजार स्वयंसेवकों की होगी। ऐसे में सरयू तट से लेकर शहर के प्रमुख स्थलों तक राममय वातावरण नजर आएगा।

जानकारी के अनुसार, इस बार अयोध्या के भव्य दीपोत्सव में दीप प्रज्ज्वलन की व्यवस्था की जिम्मेदारी डॉ. राममनोहर लोहिया अवध यूनिवर्सिटी को सौंपी गई है। यूनिवर्सिटी को आयोजन का नोडल बनाया गया है। इसे सफल बनाने के लिए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने महाविद्यालयों, इंटर कॉलेजों और स्वयंसेवी संस्थाओं को अपने साथ जोड़ना शुरू कर दिया है, जिनकी मदद से दीपोत्सव में सहयोग के लिए करीब 35 हजार स्वयंसेवकों को तैयार किया जाएगा। जो दीपोत्सव को सफल बनाने में हर मोर्चे पर अहम भूमिका निभाएंगे। इस दौरान राम की पैड़ी पर स्थित 51 घाटों पर 30 लाख दीपों को सजाने और उन्हें प्रज्ज्वलित करने का काम स्वयंसेवक करेंगे।

दीपोत्सव के दौरान घाटवार व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, जिससे निर्धारित समय पर सभी दीपों को व्यवस्थित ढंग से सजाया और जलाया जा सके। राममनोहर लोहिया अवध यूनिवर्सिटी के नोडल अधिकारी एसएस त्रिपाठी ने बताया कि दीपोत्सव की तैयारियों के तहत जल्द ही राम की पैड़ी के साथ घाटों पर मार्किंग का कार्य शुरू किया जाएगा. इसमें 40 इंटर कॉलेज, 35 महाविद्यालय, यूनिवर्सिटी का आवासीय परिसर और स्वयंसेवी संस्थाएं शामिल होंगी, जिनमें स्वयंसेवकों का रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है। पिछले साल 26 लाख 12 हजार 215 दीप प्रज्ज्वलित कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया था। जिसे इस बार तोड़कर नया रिकॉर्ड स्थापित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button