
SP-Congress seat sharing : गठबंधन में किसको कितनी सीट मिलेगी, ये बात बड़ी नहीं है, इससे ज्यादा जरूरी गठबंधन की जीत है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को कांग्रेस के साथ सीट के बंटवारे को लेकर खींचतान के बीच यह टिप्पणी की है। उन्होंने साफ किया है कि उनके लिए सबसे ज्यादा जरूरी गठबंधन की जीत है।
दरअसल, यूपी चुनाव 2027 में इंडिया गठबंधन में सीट के बंटवारे के तहत कांग्रेस कम से कम 150 सीटों की मांग कर रही है, जबकि सपा के नेता पिछले चुनाव में प्रदर्शन के आधार पर सिर्फ 50 से 53 सीटें देने की बात कर रहे हैं। जिसको लेकर दोनों दलों के नेताओं के बीच जुबानी जंग छिड़ी हुई है। इस बीच, अखिलेश यादव की ये टिप्पणी काफी अहम हो जाती है।
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, “मक़सद जब साफ़ हो तो हाथ-में-हाथ होता है निगाह मंज़िल पर हो तो सफ़र आसान होता है! बात बड़ी ये नहीं है कि गठबंधन में कितनी सीटें या कौन सी सीट किसके पास जा रही है बात बड़ी ये है कि हम सबको ये सुनिश्चित करना है कि जीत गठबंधन की हो। फिर दोहराते हैं : बात सीट की नहीं जीत की है।”
उन्होंने आगे कहा, “ये जीत हमारे गठबंधन के दलों से बढ़कर हम सबकी उस संयुक्त कोशिश की जीत होगी जो इसलिए लगातार संघर्षरत है कि साम्प्रदायिकता फिर कभी सिर न उठा सके और लोकतंत्र-संविधान-आरक्षण पर भाजपाई आंच न आए और देश का सौहार्द फिर से खिलखिलाए, देश की तरक़्क़ी और ख़ुशहाली फिर से मुस्कुराए। जय संविधान-जय हिंदुस्तान!”



