देश

अमेरिका के कोर्ट रूम में जिला जज की गोली मारकर हत्या

घटना के बाद आरोपित ने किया आत्मसमर्पण

वाशिंगटन : अमेरिका में स्कूलों के बाद अब तो कानून के मंदिर में भी खून बहने लगा है। पूर्वी केंटकी काउंटी के जिला जज की हत्या से लोग सकते और दहशत में हैं। एक ग्रामीण इलाके के शेरिफ ने गुरुवार दोपहर कोर्ट रूम में घुसकर जिला जज की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपित शेरिफ ने आत्मसमर्पण कर दिया। द न्यूयॉर्क टाइम्स की खबर के अनुसार, केंटकी स्टेट पुलिस के ट्रूपर मैट गेहार्ट ने बताया कि लेचर काउंटी के शेरिफ 43 वर्षीय मिकी स्टाइन्स ने 54 वर्षीय जिला जज केविन मुलिंस को गोली मारने के बाद आत्मसमर्पण कर दिया।

यह वारदात दोपहर करीब 2:55 बजे दक्षिण-पूर्वी केंटकी के व्हाइट्सबर्ग शहर में लेचर काउंटी कोर्ट रूम के अंदर हुई। ट्रूपर गेहार्ट ने बताया कि हत्यारोपित शेरिफ को स्थानीय जेल ले जाया गया है। पुलिस अधिकारी गेहार्ट ने कहा कि जिला जज मुलिंस को कई गोलियां लगीं और उन्हें घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। केंटकी के गवर्नर एंडी बेशर ने सोशल मीडिया पर जिला जज की हत्या के बाद लिखा,”इस दुनिया में बहुत ज्यादा हिंसा है। मैं प्रार्थना करता हूं कि बेहतर कल के लिए कोई रास्ता हो।” पुलिस का कहना है कि जैसे ही इस हत्याकांड की खबर फैली, सबसे पहले स्कूलों के बाहर ताले जड़ दिए गए।

Related Articles

Back to top button