उत्तर प्रदेशराजनीतिलखनऊ

‘सपा-कांग्रेस हमारे लिए कोई समस्या नहीं…’ डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का किया दावा

लखनऊ: यूपी की राजधनी लखनऊ स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के कोर कमेटी की अहम बैठक हुई। सीएम योगी आदित्यनाथ और प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े की अध्यक्षता में बैठक हुई इस बैठक में आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई। इस बैठक में शामिल होने के बाद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनने का दावा किया और उन्होंने यह भी कहा कि सपा और कांग्रेस उनके लिए कोई समस्या नहीं है।

दरअसल, दिल्ली में कांग्रेस और सपा के बीच सीट बंटवारे को लेकर हुई बैठक पर डिप्टी सीएम मौर्य से सवाल किया गया था। इस पर उन्होंने कहा, “2027 में तीसरी बार कमल खिलाने का संकल्प पार्टी ने लिया है। उसी को सफल बनाने के लिए बैठकें हो रही हैं। ये बैठकें होती रहती हैं। सपा-कांग्रेस हमारे लिए कोई समस्या नहीं है। सपा-कांग्रेस का गठबंधन बुरी तरह से हारने वाला है। भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ जीतने वाली है। इसलिए इन सभी बैठकों को हम गंभीरता से नहीं लेते हैं क्योंकि भाजपा की चुनावी तैयारी बहुत दुरुस्त है, बहुत व्यापक है…”

बताया जा रहा है कि भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कोर कमेटी की बैठक में महिलाओं और युवाओं को पार्टी से जोड़ने के अभियान पर चर्चा हुईं। प्रदेश में संगठन को मजबूत करने पर भाजपा का फोकस है। इस बैठक में सीएम योगी और प्रदेश प्रभारी तावड़े के अलावा, दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह भी मौजूद रहें।

Related Articles

Back to top button