अयोध्याउत्तर प्रदेशराजनीति

भारत-नेपाल की खुली सीमा दुनिया में विश्वास का एक अनोखा उदाहरण : सीएम योगी

अयोध्या : आज अयोध्या से जनकपुर धाम तक ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ ट्रेन सेवा का शुभारंभ हुआ। यह एक नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा है जो उत्तर प्रदेश के अयोध्या कैंट और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच चलेगी। अयोध्या में नई ट्रेन के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने भारत और नेपाल के बीच मजबूत व पुराने रिश्तों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल की खुली सीमा दुनिया में विश्वास का एक अनोखा उदाहरण है।

‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ ट्रेन सेवा के शुभारंभ से पहले सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या और मिथिला की संस्कृतियों का पावन एवं पौराणिक मिलन आज सरयू-कमला एक्सप्रेस के रूप में पुनर्जीवित हो रहा है। यह रेल सेवा ‘विरासत और विकास’ के अद्भुत संगम का अनुपम उदाहरण है। अब नेपाल के श्रद्धालु सीधे अयोध्या धाम आकर प्रभु श्री रामलला और भारत के श्रद्धालु जनकपुर धाम पहुंचकर माता जानकी के दर्शन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता पौराणिक काल से चला आ रहा हजारों वर्षों पुराना संबंध है। यह हमें आस्था और आत्मीयता के सूत्र में जोड़ता है। साझी नदियों और साझे परिवारों से बना यह संबंध आम जनमानस की भाषा में ‘रोटी-बेटी’ का रिश्ता कहलाता है।

सीएम ने आगे कहा कि भारत और नेपाल की खुली सीमा दुनिया में विश्वास का एक अनोखा उदाहरण है। हर सुख-दुख की घड़ी में भारत नेपाल के साथ खड़ा रहता है। नेपाल सीमा पर उत्तर प्रदेश का पहला Land Port रुपईडीहा में तैयार है। भारत से नेपाल को होने वाले निर्यात का एक बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से होता है। रुपईडीहा सीमा के आसपास Industrial एवं Logistics Corridor विकसित करने की कार्ययोजना पर हम कार्य कर रहे हैं। इससे पहले सीएम योगी ने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला और हनुमानगढ़ी में संकटमोचन हनुमान के दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की।

दोनों प्रधानमंत्रियों ने वर्चुअली नई ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस से वर्चुअली जुड़े। दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ को वर्चुअली हरी झंडी दिखाई। रेल मंत्रालय के अनुसार, सप्ताह में सिर्फ एक दिन चलने वाली ये ट्रेन अयोध्या से लेकर जनकपुर तक 604 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली है। इस दौरान ट्रेन यूपी और बिहार के कई महत्वपूर्ण कस्बों और शहरों से होकर गुजरेगी। सरयू-कमला एक्सप्रेस अपने सोर्स और टर्मिनल स्टेशनों के अलावा मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो हॉल्ट, मधुबनी और जयनगर रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी।

सरयू-कमला एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर- 15595) 28 नवंबर से प्रत्येक शनिवार को दोपहर 01:10 बजे (नेपाली समयानुसार) जनकपुर धाम से प्रस्थान करेगी और रविवार को सुबह 08:10 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी। वापसी में ये (ट्रेन नंबर- 15596) 30 नवंबर से प्रत्येक सोमवार को शाम 05:50 बजे अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन से प्रस्थान करेगी और मंगलवार को दोपहर 12:40 बजे (नेपाली समयानुसार) जनकपुर धाम पहुंचेगी।

Related Articles

Back to top button