अपराधउत्तर प्रदेशबुलंदशहर

बुलंदशहर : तंत्र-मंत्र के लिए 4 साल की मासूम बच्ची की बलि, कटी मिलीं हाथों की उंगलियां

बुलंदशहर : यूपी के बुलंदशहर जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के अवन्ती नगर भूड़ मोहल्ले में तंत्र-मंत्र के लिए 4 साल की बच्ची की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बच्ची शनिवार सुबह अचानक लापता हो गयी थी। जिसके बाद पुलिस ने घर-घर तलाशी अभियान चलाया तो बच्ची का शव पड़ोसी किराएदार महिला के कमरे से बरामद किया गया है। इस दौरान बच्ची के हाथों की अंगुलियां कटी थीं और शरीर पर तंत्र मंत्र की क्रियाएं थीं।

जानकारी के अनुसार, नगर कोतवाली क्षेत्र के अवन्ती नगर भूड़ मोहल्ले निवासी सचिन ऑटो चलाते हैं। उनकी चार साल की बेटी मान्या शनिवार सुबह 11 बजे अचानक लापता हो गयी थी। जिसके बाद परिजनों ने काफी देर तक बच्ची की तलाश की, लेकिन बच्ची का कुछ पता नहीं चला। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी और कई थानों की पुलिस बच्ची तलाश में जुट गयी। इस दौरान मोहल्ले के घरों, दुकानों व प्रतिष्ठानों के बाहर लगाए सीसीटीवी खंगाले गए, लेकिन बच्ची का कुछ भी पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस ने आस-पास के घरों में तलाशी शुरू की, तभी पड़ोस में सोनाली नाम की किरायेदार के बंद कमरे पर नजर पड़ी।

पुलिस ने किरायेदार महिला से बंद कमरे को खोलने के लिए बुलाया, लेकिन वह मौके पर नहीं पहुंची। जिसके बाद संदेह के आधार पर कमरे का ताला तोड़ा गया तो अंदर बच्ची का शव फर्श पर गद्दे के नीचे से पड़ा मिला। पुलिस के अनुसार, बच्ची के हाथों की अंगुलियां कटी थीं और शरीर पर तंत्र मंत्र की क्रियाएं थीं। बिस्तर के चारों तरफ खड़िया से कुछ आकृतियां बनी हुई थीं। उन पर कुछ बच्चों के नाम भी लिखे थे।

बच्ची का शव मिलने के बाद आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोगों ने तंत्र-मंत्र में बलि चढ़ाने का आरोप लगाते हुए भूड़ चौराहा पर जाम लगा दिया। इसके बाद एसएसपी दिनेश कुमार सिंह और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसएसपी ने लोगों को समझा बूझाकर जाम खुलवाया। फिर लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचकर जमकर हंगामा किया और आरोपी महिला को फांसी दिए जाने की मांग की।

इस घटना पर एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में बच्ची की तंत्र मंत्र के लिए हत्या का मामला सामने आया है। बच्ची का मुंह दबाकर हत्या किए जाने की आशंका है। आरोपी महिला एक साल पहले पड़ोस में अपनी 7 साल की बेटी और बेटे के साथ किराए पर रह रही है। महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Back to top button