
लखनऊ : यूपी के सभी 75 जिलों में रविवार शाम ब्लैकआउट मॉक ड्रिल होगी। युद्ध और आपातकालीन हालात से निपटने के लिए ये मॉक एक्सरसाइज होने जा रही है। सीएम योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान सारण बजेंगे और कई इलाकों में बिजली गुल रहने वाली है। इस दौरान पुलिस, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य और आपदा राहत टीमें आपात स्थिति लेकर अपनी तैयारियां दिखाएंगी।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश के 75 जिलों में आज शाम 6 बजे ब्लैकआउट मॉक ड्रिल होगी। इस मॉक ड्रिल के सफल आयोजन के लिए शासन की ओर से उप नियंत्रकों/जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गये हैं। प्रदेश के समस्त जिलों में नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा SDMA, DDMA, SDRF, NDRF, अग्निशमन, पुलिस, स्वास्थ्य एवं अन्य सम्बन्धित विभागों के साथ सम्मिलित रूप से ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित किया जाएगा। राजधानी लखनऊ की रिजर्व पुलिस लाइन में एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल होगी।
ब्लैकआउट के दौरान शहरों में कुछ देर के लिए अंधेरा छाएगा, और प्रशासनिक टीमें अलर्ट पर रहेंगी। कई इलाकों में सायरन की आवाज सुनने को मिलेगी और बिजली होगी। हवाई हमले की चेतावनी का सायरन 2 मिनट तक बजेगा। सायरन बजते ही लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचेंगे, और प्रशासन आपातकालीन तैयारियों को परखेगा। इस दौरान करीब 1 लाख सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों की परीक्षा होगी।



