उत्तर प्रदेशराजनीति

मंत्री ओपी राजभर बोले- अखिलेश की वजह से जेल में हैं आजम खान

लखनऊ : सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही है। उन्हें सोमवार को गाजियाबाद की PMLA कोर्ट ने 26 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेजने का आदेश दिया है। जिस पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। जिसके बाद योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव की वजह से आजम खान जेल में हैं।

दरअसल, 31 अक्टूबर को रामपुर जेल के बाहर से आजम खान को ईडी ने ‘मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट’ को मिले चंदे और रामपुर में ‘मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी’ से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार किया था। इस मामले में ईडी जांच कर रही है और आजम खान से ईडी की पूछताछ चल रही है। इस बीच, सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने मंगलवार को पूर्व सीएम अखिलेश यादव की आजम खान को लेकर की गयी ताजा टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी ।

एक समाचार एजेंसी से बातचीत में उन्होंने कहा, “आजम खान अखिलेश यादव के बदौलत जेल में हैं। जितने कारनामों की वजह से वे जेल में है वे सपा के कार्यकाल में उनके खिलाफ साजिश रची गई थी। इस कार्यकाल में ऐसी कोई साजिश नहीं रची गई। ED जो जांच कर क्या वे भाजपा काल में कमाए हैं? जब से भाजपा है तब से तो वे जेल में ही हैं…”

आजम खान की न्यायिक हिरासत बढ़ने पर अखिलेश ने एक्स पोस्ट में कहा, “आदरणीय आज़म ख़ान जी के साथ जो मुसलसल नाइंसाफ़ी हो रही है, उसका जवाब उप्र ही नहीं पूरे देश की जनता समय आने पर देगी। जुल्म करनेवाली भाजपा सरकार को ये याद रखना चाहिए कि सत्ता हमेशा किसी के हाथ में नही रहती है और सत्ता सदुपयोग के लिए होती है, दुरुपयोग के लिए नहीं। सब, सब समझ रहे हैं।” फिलहाल, मंत्री राजभर के बयान से सियासत गरमाने वाली है।

Related Articles

Back to top button