
मुजफ्फरनगर: पुलिस और बदमाशों के बीच मंगलवार को NH-58 पर नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में मुठभेड़ हुई। जिसमें हाशिम और रिजवान नाम के दो अपराधियों के पैर में गोली लगी, जबकि इरशाद को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया। इनके पास से पुलिस को हथियार और चोरी के डिवाइस भी मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तीनों अपराधी अक्टूबर में एक मकान में हुई चोरी की वारदात में शामिल थे और नई मंडी कोतवाली पुलिस को उनकी तलाश थी। CO नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि रथेड़ी रोड पर पुलिस और बदमाशों का आमना-सामना हो गया। इस दौरान मुठभेड़ में गोली लगने से रिजवान और हाशिम घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। जबकि, गिरोह का तीसरा सदस्य इरशाद मौके से निकल गया। इसके बाद इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशो के पास से 3 तमंचे, 7 कारतूस, बाइक, नकदी और चोरी के उपकरण बरामद किए हैं। तीनों पर करीब 25 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



