
कानपुर : दिवाली पर शहर के कई इलाकों में आवारा कुत्तों का आतंक देखने को मिला। पटाखों के शोर से आक्रामक हुए कुत्तों ने 100 से ज्यादा लोगों पर हमला बोल दिया है। जिनमें ज्यादातर बच्चे और बुजुर्ग शामिल थे। त्योहार के बीच इस घटनाओं से खुशियां दहशत में बदल गईं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, दिवाली की रात कानपुर के श्यामनगर, जाजमऊ, अहिरवां, रेलबाजार, महाराजपुर, कैंट और सनिगवां समेत शहर के कई इलाकों में जमकर पटाखे फोड़े गए। लेकिन, इस दौरान कुत्तों के झुंड आक्रामक हो गए। कुछ जगहों पर कुत्तों ने लोगों को दौड़ा लिया तो कहीं पर पूरे झुंड ने एक साथ हमला किया। ज्यादातर मामलों में कुत्तों ने लोगों के पैरों को निशाना बनाया। इन हमलों का सबसे ज्यादा शिकार बच्चे और बुजुर्ग हुए हैं।
बताया जा रहा है कि घायलों में करीब 60 प्रतिशत बच्चे और 40 प्रतिशत बुजुर्ग व अन्य लोग शामिल हैं। जिन्हें एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने के लिए अस्पतालों के चक्कर काटने पड़े। फिलहाल, इन घटनाओं ने त्योहारी सीजन में स्थानीय प्रशासन और नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी है।



