
गोरखपुर : सीएम योगी आदित्यनाथ बुधवार को अपने गृह जनपद गोरखपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल हुए। इस मौके पर आयोजित जनसभा में सीएम योगी ने सपा और कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। इंडिया गठबंधन की रैली में दिए अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता बदला नहीं बदलाव करती है।
गोरखपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होने से पहले सीएम योगी ने कहा, “दिल्ली में आपने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष का बयान पढ़ा होगा, उनका बयान बड़ा विचित्र सा था। वे कहते हैं कि अगली पीढ़ी हर लाठी और हर जख्म का बदला लेगी। समाजवादी पार्टी के बबुआ को थोड़ा समझाइए कि लोकतंत्र में बदला नहीं जनता बदलाव करती है। जैसे 2014 में देश में जनता ने किया था और 2017 में प्रदेश में किया था और यह बदलाव की ताकत कांग्रेस या समाजवादी पार्टी में नहीं, यह बदलाव जनता के बल पर हुआ था…”
यूपी के सीएम ने कहा, “भाजपा की यह यात्रा केवल एक पार्टी की यात्रा नहीं है, यह भारत को विकसित भारत के लक्ष्य तक पहुंचाने के प्रधानमंत्री मोदी के विजन की वो यात्रा है, जिसके लिए भारत का लोकतंत्र जितना सशक्त होगा, उतना ही भारत आत्मनिर्भर और विकसित भारत की संकल्पना को साकार करता हुआ दिखाई देगा…”
उन्होंने आगे कहा, “अभी हाल ही में आपने देखा होगी कि दिल्ली में कांग्रेस और INDI गठबंधन किस प्रकार की अराजकता पैदा करके स्वयं लोकतंत्र के लिए खतरा बना हुआ है…इनकी एक प्रवृत्ति बन गई है कि अगर ये चुनाव जीते, तो इनकी अपनी उपलब्धि है, इनका परिश्रम है लेकिन अगर जनता इनको जवाब देती है और इनको नकार देती है, तो EVM पर दोषारोपण करने की इनकी यह प्रवृत्ति हमारे सामने है…देश में लगातार अलग-अलग समय पर और ज्यादातर कांग्रेस के समय में SIR की कार्रवाई संपन्न हुई…आज बांग्लादेशी घुसपैठियों को, पाकिस्तानियों को या मृतकों के नाम जब मतदाता सूची से हटाने के लिए चुनाव आयोग विशेष कार्यक्रम आगे बढ़ाता है, तो फिर वो उसके लिए देश में अराजकता का माहौल पैदा कर रहे हैं…”



