
Lucknow Murder : लखनऊ के सआदतगंज इलाके में शनिवार शाम एक दोस्त ने दूसरे दोस्त की सरेआम चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें युवक खून से लथपथ तड़पता हुआ नजर आ रहा है, जबकि आरोपी मौके से आसानी से फरार हो जाता है। यह एक सप्ताह के भीतर ये दूसरी बड़ी वारदात है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सआदतगंज इलाके आजाद नगर के सी ब्लॉक स्थित अंबेडकर पार्क के पास रामनगर निवासी रेहान की उसके दोस्त ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। कथित तौर पर रेहान का गुलाब की बगिया निवासी दोस्त उजैफा के साथ झगड़ा हुआ था। इस दौरान उजैफा ने रेहान पर चाकू से कई वार कर दिए और उसकी हत्या के बाद मौके से फरार हो गया। ये वारदात रात करीब 9:30 बजे की है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आरोपी वारदात के बाद भागता दिखाई दे रहा है।
वारदात के बाद रेहान को गंभीर हालत में उसे KGMU के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रेहान तीन दिन पहले ही आगरा जेल से छूटकर घर लौटा था। मृतक के परिजनों ने बताया कि रेहान शनिवार शाम करीब 6 बजे घर से निकला था। इसके बाद उसकी हत्या की सूचना मिली। घटना की सूचना मिलने पर डीसीपी पश्चिम जितेंद्र श्रीवास्तव और एसीपी रंजीत कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। इससे पहले नौबस्ता (ब्राह्मण टोला) में 26 अक्टूबर 2026 को चबूतरे और कार पार्किंग के विवाद में एक ही परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इन घटनाओं ने अपराधियों के मन में कानून डर को लेकर सवाल खड़े कर दिये हैं।



