अपराधउत्तर प्रदेशगौतम बुद्ध नगर

ग्रेटर नोएडा : घर में मृत पाये गए पति-पत्नी और तीन बच्चे, परिवार ने रात में खाये थे नूडल्स

ग्रेटर नोएडा: यूपी के ग्रेटर नोएडा में शनिवार सुबह को एक ही परिवार के पांच लोग संदिग्ध परिस्थितियों मृत पाये गए। यह घटना रबूपुरा थाना क्षेत्र के नगला श्री पदम गांव की है, जहां पर एक घर में माता-पिता और तीन बच्चों की फूड पॉइजनिंग के कारण मौत की आशंका जतायी जा रही है। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान नगला श्री पदम गांव के निवासी महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35), बेटे लड्डू (11), बेटी मिष्टी (सात) और तीन वर्षीय बेटे साक्षात के रूप में हुई है। मृतक महेश की मां और पड़ोसियों का कहना है कि सभी ने रात को नूडल्स और चाय का सेवन किया था। इसके बाद पांचों लोग सो गए थे। इसके बाद शनिवार सुबह परिवार के पांचों सदस्य मृत मिले। मृतक की मां ने पड़ोसियों को बताया और फिर पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी, एंबुलेंस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए। पुलिस ने शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस को आशंका है कि ये मौतें फूड पॉइजनिंग के कारण हो सकती हैं। हालांकि, इन मौतों की असली वजह साफ नहीं हो पायी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button