उत्तर प्रदेशराजनीतिराज्य

महिला सुरक्षा पर सीएम योगी बोले- आज महिलाएं नाइट शिफ्ट में भी निडर होकर कर रही हैं काम

लखनऊ। ‘सुरक्षा के विश्वास से प्रेरित होकर आज महिलाएं नाइट शिफ्ट में भी निडर होकर कार्य कर रही हैं।’ ये टिप्पणी सीएम योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्रि के सातवें दिन शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिये की। सीएम योगी ने कहा कि पिछली सरकार में माफिया, दंगाइयों और अपराधियों के भय और अराजकता के कारण बहन-बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा व स्वावलंबन की राह में गंभीर बाधाएं खड़ी कर दी थीं। उन्होंने डबल इंजन की सरकार में महिला सुरक्षा को लेकर उठाए गए कदमों का भी जिक्र किया।

सीएम योगी ने एक्स पोस्ट में कहा, “वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में रक्तबीज रूपी माफिया, दंगाइयों और अपराधियों के आतंक से उत्पन्न भय एवं अराजकता के अंधकार/वातावरण ने बहन-बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा व स्वावलंबन की राह में गंभीर बाधाएं खड़ी कर दी थीं। विगत 9.5 वर्षों में डबल इंजन सरकार की अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति ने इन आसुरी शक्तियों का दमन कर प्रदेश में कानून का राज एवं भयमुक्त वातावरण की स्थापना की है। मिशन शक्ति, इंटीग्रेटेड 1090 हेल्पलाइन, महिला बीट पुलिसिंग और सेफ सिटी परियोजना जैसी पहलों ने बहन-बेटियों के लिए घर की चौखट से लेकर सड़क, शिक्षण संस्थानों व कार्यस्थलों तक एक सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया है।”

उन्होंने आगे कहा, “पुलिस रिस्पॉन्स टाइम का वर्ष 2016 के 65 मिनट से घटकर मात्र 5 मिनट रह जाना, प्रदेश में कानून-व्यवस्था की तत्परता और महिला सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण है। सुरक्षा के इसी विश्वास से प्रेरित होकर आज महिलाएं नाइट शिफ्ट में भी निडर होकर कार्य कर रही हैं। महिला श्रम बल भागीदारी का 12 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत से अधिक होना इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की नारी शक्ति, अर्थशक्ति बनकर उत्तर प्रदेश के आर्थिक विकास को नई गति दे रही है। कृषि, उद्योग, सेवा और उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में नारी शक्ति की बढ़ती भागीदारी ने प्रदेश की विकास यात्रा को नई ऊर्जा दी है। यही भागीदारी उत्तर प्रदेश की जीएसडीपी और प्रति व्यक्ति आय में हुई तीन गुनी वृद्धि की यात्रा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। जय माँ कालरात्रि।”

Related Articles

Back to top button