
मेरठ। जिले के सरधना क्षेत्र में रविवार देर रात को बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां करनाल हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने नियंत्रण खो दिया और उसकी टेम्पो से भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में टेम्पो सवार तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि एक शख्स घायल बताया जा रहा है।वहीं, ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। इस हादसे से मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा सरधना क्षेत्र के दबथुआ गांव के पास करनाल हाईवे पर हुआ, जहां शटरिंग का सामान लादकर जा रहे टेम्पो को एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। ये टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेम्पो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि, टेम्पो में सवाल तीन लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। मृतकों की पहचान रमेश (55 वर्ष), अमर (26 वर्ष) और सुशील (36 वर्ष) के रूप में हुई है। ये तीनों ही मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे।
इस दर्दनाक घटना से मृतकों के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय थाना पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम व पहचान के लिए पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया है।
घटना पर एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी और ट्रक की पहचान के लिए टीमें गठित की गई हैं। घटना के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपी को कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।



