
IND vs WI 3rd T20 Highlights: इंदौर में रविवार को खेले गए तीसरे टी20 मैच में भारतीय टीम ने 14 रनों से जीत दर्ज की। इसके साथ ही मेजबान ने पांच मैचों की सीरीज में 2-1 से बढ़त बना ली है। हालांकि, 223 रन बनाने के बावजूद इतने कम अंतर से जीत ने एक बार फिर गेंदबाजों के प्रदर्शन पर सवाल खड़े किए हैं।
होल्कर स्टेडियम में खेले गए इस मैच में वेस्ट इंडीज ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था। जिसके बाद मेजबान टीम ने 20 ओवर खेलकर 223 रन पर ऑल आउट हो गई थी। अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों में 69 रन की अर्धशतकीय पारी खेली और वो टॉप स्कोरर रहे। इसके अलावा, ईशान किशन ने 37 और तिलक वर्मा ने 28 रन का योगदान दिया। इस तरह से वेस्ट इंडीज को 224 रनों का लक्ष्य मिला।
दूसरी पारी में वेस्ट इंडीज की शुरुआत फिर खराब रही। पिछले मैच के शतकवीर कप्तान शे होप सस्ते में पवेलियन लौट गए। इसके बाद सिमरन हेटमायर के आक्रामक अंदाज ने भारतीय फैंस के लिए धड़कनें कुछ समय के लिए बढ़ाई। लेकिन, नमन धीर ने उन्हें पवेलियन का रास्ता दिखाया। हेटमायर 43 रन बनाकर बोल्ड हो गए। इसके बाद कमील पूरन ने कुछ अच्छे शॉट खेले, लेकिन उन्हें भी नमन ने बाहर का रास्ता दिखाया।
विकेट के पतन के बावजूद वेस्ट इंडीज के बल्लेबाजों ने आक्रामक रवैया जारी रखा। लेकिन, वे 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 209 रन के स्कोर तक ही पहुंच सके। इस तरह भारत ने मैच 14 रनों से जीत लिया। हालांकि, दूसरी पारी में ड्यू की समस्या न होने के बावजूद भारतीय गेंदबाज काफी महंगे साबित हुए, जो बेहद चिंता का विषय है।
इस मैच में अर्शदीप सिंह ने सबसे ज्यादा 3 विकेट हासिल किए, लेकिन उन्होंने 11 की इकोनॉमी से 44 रन लुटवाए भी। इसके बाद नमन धीर को 2 विकेट मिले और वो सबसे ज्यादा महंगे साबित हुए। नमन ने 3 ओवर में 39 रन लुटवाए। अक्षर पटेल ने 3 ओवर में 33 रन देकर एक विकेट और नीतीश कुमार रेड्डी ने 2 ओवर में 19 रन देकर एक विकेट लिया। मयंक यादव ने 4 ओवर में 34 और प्रिंस यादव ने 4 ओवर में 37 रन दिए। लेकिन दोनों को कोई विकेट नहीं मिला।



