
गोरखपुर। यूपी में बाढ़, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और चक्रवात से अन्नदाताओं की फसलों को हुए नुकसान की भरपाई होने जा रही है। योगी सरकार सोमवार को 9 लाख से ज्यादा किसानों के खाते में 493 करोड़ रुपए ट्रांसफर करने वाली है। जिसके लिए गोरखपुर में योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में एक कार्यक्रम आयोजित होगा। जिसमें सीएम योगी आदित्यनाथ कृषि निवेश अनुदान राशि किसानों के खातों में भेजेंगे।
कार्यक्रम से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सीएम योगी ने कहा, “उत्तर प्रदेश में बाढ़, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि एवं चक्रवात से फसलों को हुई क्षति से प्रभावित 9 लाख से अधिक किसानों को आज शिवावतारी महायोगी गुरु गोरखनाथ जी की तपोभूमि गोरखपुर से डीबीटी के माध्यम से ₹493 करोड़ की कृषि निवेश अनुदान राशि का वितरण किया जाएगा।”
उत्तर प्रदेश में बाढ़, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि एवं चक्रवात से फसलों को हुई क्षति से प्रभावित 9 लाख से अधिक किसानों को आज शिवावतारी महायोगी गुरु गोरखनाथ जी की तपोभूमि गोरखपुर से डीबीटी के माध्यम से ₹493 करोड़ की कृषि निवेश अनुदान राशि का वितरण किया जाएगा।
इस सहायता से अन्नदाता किसान बंधुओं को राहत, कृषि निवेश की व्यवस्था करने में सहयोग तथा खेती को पुनः गति मिलेगी।
संकट में अन्नदाता किसान को सहारा मिले, उसकी खेती फिर संवरे और खेतों में खुशहाली लौटे, यही डबल इंजन सरकार का संकल्प है।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 12, 2026
उन्होंने आगे कहा, “इस सहायता से अन्नदाता किसान बंधुओं को राहत, कृषि निवेश की व्यवस्था करने में सहयोग तथा खेती को पुनः गति मिलेगी। संकट में अन्नदाता किसान को सहारा मिले, उसकी खेती फिर संवरे और खेतों में खुशहाली लौटे, यही डबल इंजन सरकार का संकल्प है।”
गौरतलब है कि सितंबर के अंतिम सप्ताह में आए चक्रवात के साथ हुई अतिवृष्टि और बाढ़ से प्रदेश के कई जिलों में फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचाया है। जिसको देखते हुए योगी सरकार ने नुकसान का आकलन पूरा कर प्रभावित किसानों को राहत देने की प्रक्रिया शुरू की है।



