
UP Election 2027 : यूपी में विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के बीच राजनीतिक पार्टियों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। श्रावस्ती में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का सपा-कांग्रेस और INDIA गठबंधन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल मुसलमानों को अपनी पर्सनल प्रॉपर्टी न समझें। अगर कोई मुसलमानों को पर्सनल प्रॉपर्टी समझ रहा है तो आने वाले चुनाव में उन्हें सबक सिखाएंगे। इसके साथ ही ओवैसी ने सपा को गठबंधन का खुला ऑफर दिया।
श्रावस्ती में रविवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने मुसलमानों को सिर्फ वोटर न समझने और भाजपा को यूपी में हराने के लिए गठबंधन करने का ऑफर दिया। उन्होंने कहा, “मैं समाजवादी पार्टी और INDIA गठबंधन की पॉलिटिकल पार्टियों से यह कहना चाहता था, चाहे वह उत्तर प्रदेश के मुसलमान हों या पूरे भारत के 20 करोड़ मुसलमान, हम आपकी पर्सनल प्रॉपर्टी नहीं हैं… अगर आप हमें सिर्फ़ प्रॉपर्टी समझते हैं, तो आने वाले असेंबली इलेक्शन आपको सबक सिखाएंगे…”
सपा को गठबंधन का ऑफर देते हुए AIMIM प्रमुख ने आगे कहा, “यहां तीसरी बार BJP की सरकार नहीं बननी चाहिए… अगर वे BJP को रोकना चाहते हैं, तो ओवैसी और AIMIM गठबंधन करने या समझौता करने के लिए तैयार हैं… अगर कोई इस न्योते या प्रपोज़ल को कमज़ोरी समझता है, तो याद रखें: यह कमज़ोरी की निशानी नहीं है; यह हमारी ताकत और बड़ेपन की निशानी है कि हम आपकी तरफ़ हाथ बढ़ा रहे हैं।” उन्होंने कहा, “अगर आप इस हाथ को मना करते हैं, तो ध्यान से सुन लें, SP, यह हाथ बहुत मज़बूत है; यह आपके गले की डोर भी तोड़ सकता है… आओ हम उन्हें रोकने के लिए हाथ मिलाएं। अगर आप हमारा प्रपोज़ल नहीं मानते, तो कोई बात नहीं, AIMIM इलेक्शन लड़ेगी…”



