उत्तर प्रदेशबहराइचराजनीतिराज्य

बहराइच : CM योगी ने खसहा मोहम्मदपुर की डिजिटल लाइब्रेरी का किया जिक्र, बोले- अब शहर की दूरी नहीं रोकेगी पढ़ाई

लखनऊ। यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रदेश की योगी सरकार अपने विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने में जुटी है। सरकार की कोशिश है कि उसके विकास कार्यों की जानकारी जनता को हो। इस बीच, सीएम योगी आदित्यनाथ ने बहराइच के खसहा मोहम्मदपुर में डिजिटल लाइब्रेरी का उदाहरण देते हुए प्रदेश भर में ग्राम पंचायतों ऐसी ही चल रही लाइब्रेरी की बात कही है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, “अब शहर की दूरी नहीं रोकेगी पढ़ाई, गांव में खुला ज्ञान का डिजिटल द्वार…कभी गांव के किसी बच्चे को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करनी होती थी तो किताबों और बेहतर संसाधनों के लिए शहर की ओर देखना पड़ता था। दूरी समय भी लेती थी और पैसा भी। अब बहराइच के तेजवापुर ब्लॉक के खसहा मोहम्मदपुर में यही दूरी डिजिटल लाइब्रेरी ने कम कर दी है। ग्राम पंचायत सचिवालय में तैयार यह लाइब्रेरी किताब और कंप्यूटर, परंपरागत अध्ययन और आधुनिक तकनीक को एक छत के नीचे जोड़ रही है।”

इन डिजिटल लाइब्रेरी में सुविधाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने आगे कहा, “यहां कंप्यूटर, प्रिंटर, हाई-स्पीड इंटरनेट, वाई-फाई, स्मार्ट टीवी और सीसीटीवी की सुविधा है। प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकों के साथ नेशनल बुक ट्रस्ट का साहित्य भी उपलब्ध है। यानी पढ़ने के लिए पुस्तक चाहिए या तैयारी के लिए डिजिटल कंटेंट, दोनों अब गांव में ही सुलभ हैं। संसाधन करीब आए तो सपनों की राह भी आसान हुई। बच्चे और युवा यहां अध्ययन कर रहे हैं, ई-लर्निंग से जुड़ रहे हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को नई धार दे रहे हैं। जो समय और पैसा पहले शहर आने-जाने में लगता था, वह अब उनकी पढ़ाई में लग रहा है।”

आज 57,600 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी : सीएम योगी

सीएम ने कहा, “यह बदलाव केवल एक गांव तक सीमित नहीं है। 2017 से पहले ई-लाइब्रेरी की पहुंच राज्य और जिला स्तर के लगभग 76 स्थानों तक सीमित थी, आज डिजिटल लाइब्रेरी 57,600 ग्राम पंचायतों तक पहुंच चुकी है। डिजिटल शिक्षा को केवल स्कूलों तक सीमित न रखते हुए लगभग 60 लाख युवाओं को स्मार्टफोन और टैबलेट उपलब्ध कराए गए हैं। आज प्रदेश के 32,000 से अधिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम और 15,000 से अधिक विद्यालयों में ICT लैब के माध्यम से शिक्षा को नई तकनीक से जोड़ा जा रहा है।”

पूर्व सपा सरकार पर सीएम योगी ने साधा निशाना

सीएम योगी ने आगे कहा, “वहीं, 2012-16 में पर्याप्त सरकारी निधि होने के बावजूद 6.22 लाख बच्चों को पाठ्यपुस्तकें नहीं मिलीं और 97 लाख बच्चों को यूनिफॉर्म नहीं मिली। शिक्षा के क्षेत्र में संसाधनों की उपलब्धता से लेकर उनकी पहुंच तक, उत्तर प्रदेश ने एक लंबी दूरी तय की है। अभिभावकों के लिए भी यह बदलाव भरोसे का आधार बना है। उनके बच्चों को आधुनिक शैक्षिक संसाधनों के लिए गांव से दूर नहीं जाना पड़ रहा।”

उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश सरकार की ग्राम पंचायत डिजिटल लाइब्रेरी पहल का परिणाम धरातल पर है। ग्राम पंचायत सचिवालय अब प्रशासनिक सेवाओं के साथ ज्ञान और तकनीक के केंद्र के रूप में भी नई भूमिका निभा रहे हैं। खसहा मोहम्मदपुर की यह डिजिटल लाइब्रेरी बदलाव की जीवंत तस्वीर है। गांव बदल रहा है, पढ़ाई का परिवेश बदल रहा है और ज्ञान की रोशनी अब बच्चों के द्वार तक पहुंच रही है।”

Related Articles

Back to top button