
लखनऊ। यूपी के सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य की योगी सरकार दीपावली से पहले कर्मचारियों को बढ़े हुए महंगाई भत्ते (DA) और बोनस का तोहफा देने की तैयारी में है। इसके साथ ही आउटसोर्सिंग पर तैनात कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मानदेय वृद्धि की मांग को भी पूरा करने जा रही है। वित्त विभाग ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
दिवाली पर मिलेगा बम्पर बोनस
दिवाली जैसे बड़े पर्व पर योगी सरकार अपने कर्मचारियों को मायूस नहीं करना चाहती है। इसके लिए बड़ा बोनस दिए जाने की तैयारी है। सूत्रों के मुताबिक, राज्य कर्मचारियों को 3400 से 7000 रुपये तक का बोनस मिल सकता है। बोनस का ऐलान इसी महीने के आखिर तक किए जाने की संभावना है। इसका लाभ अराजपत्रित कर्मचारियों को दिया जाता है। यानी दिवाली से पहले बड़ी खुशखबरी मिलने वाली हैं।
DA में 3 फीसदी बढ़ोतरी संभव
सरकार राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते के साथ पेंशनर्स की महंगाई राहत (DR) बढ़ाने की भी तैयारी कर रही है। सूत्रों के अनुसार, महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है। अगर ऐसा होता है तो दीपावली से पहले लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स को इसका सीधा फायदा मिलेगा।
आउटसोर्स कर्मचारियों का मानदेय बढ़ेगा
सरकार आउटसोर्सिंग पर तैनात कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मानदेय वृद्धि की मांग को भी पूरा करने जा रही है। सचिवालय प्रशासन के अनुसार, विभिन्न विभागों में कार्यरत लगभग 2.70 लाख आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय में श्रेणीवार संशोधन किया जाएगा। अगर बिजली विभाग के संविदा कर्मियों को भी शामिल कर लिया जाए, तो यह संख्या 3.50 लाख के पार पहुंच जाती है।



