
गोरखपुर: सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में PDA रैली के दौरान कथित तौर पर बुलडोजर की चपेट में आने से जान गंवाने वाले 12 वर्षीय लड़के के शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। इस दौरान सीएम के साथ भाजपा सांसद रवि किशन भी मौजूद रहे। पीड़ित परिवार से मिलने के बाद उन्होंने सपा को आड़े हाथों लिया और कहा कि प्रदेश में सपा की गुंडागर्दी नहीं चलेगी।
गोरखपुर में सीएम योगी ने कहा, “गुंडों ने कल एक नाबालिग बच्चे का कुचलकर उसकी हत्या की है। पीड़ित परिवार से मिलने मैं आया हूं। चोरा-चोरी से जुड़ी ऐतिहासिक घटना से जुड़े एक परिवार का वो बच्चा सदस्य था। जिन 172 लोगों को ब्रिटिश शासन के खिलाफ लड़ते हुए फांसी की सजा हुई थी। उनमें से इस परिवार के बुजुर्ग भी थे….” उन्होंने आगे कहा, “गुंडागर्दी, अराजकता, उद्दंडता समाजवादी पार्टी का इतिहास रहा है। इन लोगों को शर्म नहीं आती। पहले प्रदेश को माफियाओं से तबाह किया और आज फिर से गर्मी चढ़ रही है। ये गुंडागर्दी यूपी में नहीं चलेगी। इन गुंडों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है।”
बता दें कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को सीएम योगी आदित्यनाथ के गढ़ में लंबा रोड और रैली से हुंकार भरी। लेकिन, इस दौरान एक छात्र की मौत से सियासत गरमा गई है। आरोप है कि अखिलेश के रोड शो में शामिल होकर लौट रही जेसीबी के चपेट में आकर भाजपा नेता ओंकार सिंह के 13 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई। वहीं, सपा का कहना है कि किशोर की मौत जेसीबी से नहीं बल्कि बस की चपेट में आकर हुई है।



