उत्तर प्रदेशराजनीतिलखनऊ

बीजेपी छोड़ उत्पल राय साइकिल पर हुए सवार, कई नेताओं की सपा में एंट्री

लखनऊ : यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए सभी राजनीतिक दल सियासी समीकरणों को साधने में लगे हुए हैं। इसके साथ ही नेताओं के पाला बदलने का दौर भी शुरू हो गया। शनिवार को बसपा सरकार में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रह चुके उत्पल राय, पूर्व मंत्री अवधेश चौहान, विनय प्रताप, वीरेंद्र अदनान, अशरफ खान और महेश कुमार बबलू समेत अन्य नेताओं ने सपा का दामन थाम लिया।

लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की मौजूदगी में ये नेता साइकिल पर सवार हुए। जिनमें उत्पल राय को मऊ व गाजीपुर के क्षेत्र में प्रभावशाली नेता माना जाता है। उनके सपा में शामिल होने से भाजपा को बड़ा झटका लगा है। 2016 में बीजेपी में शामिल हुए थे। सपा में शामिल होने के बाद उत्पल राय ने कहा, “मेरे रक्त में समाजवाद था, कुछ फरेब से मैं बीजेपी में चला गया था।” उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, “बीजेपी में सिर्फ सरकार बनाने, किसी को खरीदने और किसी का मुंह बंद करने की ही बात होती है।”

इस दौरान पूर्व सीएम अखिलेश ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि, आज के समय भाजपा सबसे बड़ा संकट है और उसको सत्ता से हटाने पर ही संकट दूर होगा।सपा प्रमुख ने आगे कहा कि, भाजपा के लोगों को लग रहा है कि, कमल मुरझा गया है, इसलिए अब वे राधे राधे कहने लगे हैं। अखिलेश यादव ने पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं को भरोसा दिलाते हैं कि बीजेपी उनके साथ अन्याय नहीं कर सकती, पार्टी उनका पूरा साथ देगी। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि, बीजेपी सरकार में अधिकारी सत्ता के दबाव में काम कर रहे हैं। पिछले 10 वर्षों से कई अधिकारी एक ही कुर्सी पर बैठे हैं, उन्हें हटाने के लिए सभी विधायकों के हस्ताक्षर से ज्ञापन दिया जाएगा।

बीजेपी के 1.27 करोड़ हिंदुओं के वोट कटने के दावे पर सपा प्रमुख ने सवाल उठाते हुए कहा कि, चुनाव आयोग के दबाव के बाद अब इस तरह के बयान नहीं आ रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि भाजपा को यह जानकारी कहां से मिली थी। इस दौरान उन्होंने ‘लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा’ का नारा दिया और इससे जुड़ा एक नया वीडियो भी दिखाया।

Related Articles

Back to top button