अपराधउत्तर प्रदेश

बाराबंकी : पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एंबुलेंस ने सड़क किनारे खड़े पिकअप को मारी टक्कर, पांच की मौत

बाराबंकी : यूपी के बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार एंबुलेंस सड़क किनारे खड़ी पिकअप वाहन से टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर के बाद एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी। जिसमें सवार पांच लोगों की जान चली गयी।

जानकारी के अनुसार, यह सड़क हादसा एक्सप्रेस-वे के 53वें किलोमीटर के पास हुआ। इस दौरान अजीजुल हक का शव लेकर जयपुर से बंगाल ले जा रहे एंबुलेंस सवार सभी लोगों की जान चली गयी। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस के दरवाजे तोड़कर काफी मशक्कत के बाद सभी लोगों को बाहर निकाला।

बताया जा रहा है कि ये लोग एंबुलेंस से पश्चिम बंगाल के कूच बिहार के रहने वाले अजीजुल हक का शव लेकर उनके घर ले जा रहे थे। हादसे में मारे गए लोगों में अजीजुल हक के भाई अमिनूर हक (40), दो रिश्तेदार कूच बिहार निवासी रुपिक (50) और राजस्थान निवासी मकबूल खान (62) शामिल हैं।

इसके अलावा, एंबुलेंस चला रहे दोनों ड्राइवर भी बच नहीं सके। उनकी पहचान राजस्थान निवासी हरिओम (33) और आलम के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में ड्राइवर को झपकी आने की बात सामने आई है।

Related Articles

Back to top button