अपराधउत्तर प्रदेशसोनभद्र

सोनभद्र : तलाब में डूब रहे नाबालिग को बचाने गए बहन और जीजा भी डूबे, तीनों की मौत

सोनभद्र : यूपी के सोनभद्र में रविवार को अनपरा थाना क्षेत्र के कुलडोमरी गांव में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक तालाब में डूबने से तीनों लोग की मौत हो गई। मृतकों में एक विवाहित जोड़ा और एक नाबालिग शामिल है। नाबालिग युवक को बचाने के चक्कर में बहन और उसका पति भी डूब गए। तीनों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, कुलडोमरी के बिरनबहरा टोला स्थित बंधी (तालाब) में राजू पुत्र रामप्रसाद उर्फ मंगा नहा कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में डूबने लगा। नाबालिग को डूबता देख उसके जीजा अनिल पुत्र रामकरन और बहन उर्मिला भी उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़े। लेकिन, एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में तीनों की डूबकर मौत हो गई।  पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 9:00 बजे नहाते समय 14 वर्षीय राजू डूबने लगा, और उसे बचाने की कोशिश में 20 वर्षीय अनिल और उसकी 18 वर्षीय पत्नी उर्मिला भी डूब गए। गोताखोरों की मदद से तीनों शवों को बाहर निकाल लिया गया है और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

बताया जा रहा है कि शक्तिनगर थाना क्षेत्र की राजकिशन कॉलोनी के चिल्काटाड़ गांव का निवासी अनिल और अपनी पत्नी उर्मिला के साथ अपने ससुराल कुलडोमरी आया हुआ था। छठ पर एक ही परिवार के तीन सदस्यों से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। प्रथम दृष्टया तीनों की मौत डूबने के कारण बतायी जा रही है। हालांकि, पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button