
बदायूं: यूपी की सियासत में सोमवार को गज़ब संयोग देखने को मिला, जब सपा में शामिल होने वाले नेता को भाजपा ने अपनी प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य बना दिया। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले यूपी की राजनीति में इस घटनाक्रम की चर्चा तेज है।
दरअसल, भाजपा, बसपा समेत विभिन्न दलों को छोड़कर कई पूर्व विधायकों और प्रमुख नेताओं ने अपने बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ सोमवार दोपहर को अखिलेश यादव की मौजूदगी में समाजवादी पार्टी का दामन थामा। इनमें बदायूं की दातागंज सीट से पूर्व विधायक सिनोद कुमार शाक्य का नाम भी शामिल था। लेकिन, भाजपा ने शाम प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों की लिस्ट जारी की तो उसमें भी सिनोद कुमार शाक्य का नाम था।
भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की लिस्ट में सिनोद कुमार शाक्य का नाम 88वें नंबर पर दर्ज है। ऐसे में अब सवाल खड़े हो रहे हैं कि भाजपा को अपने नेता के सपा में शामिल होने की जानकारी नहीं थी, या प्रदेश कार्यसमिति की सूची पहले ही तैयार हो चुकी थी? फिलहाल, यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।



