
लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव 2027 में सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत का दौर जारी है। लेकिन, इसको लेकर रविवार को एक नया विवाद तब खड़ा हो गया, जब कांग्रेस नेताओं की फोटो वाले पोस्टर और होर्डिंग्स लखनऊ समेत कई शहरों देखने को मिली। हालांकि, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने इन पोस्टर को फर्जी बताया है।
दरअसल, लखनऊ के साथ-साथ कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाले अमेठी, रायबरेली और सुल्तानपुर में पोस्टर लगाए गए थे। इन पोस्टर में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, CPP चेयरपर्सन सोनिया गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा (मोना), कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और राज्य प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की तस्वीर थी। इस लिखा है- “200 सीट हक है हमारा… यूपी को है राहुल गांधी पर भरोसा।’ जिसको समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच खींचतान से जोड़ा जा रहा था।
हालांकि, इन पोस्टर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को न तो शामिल किया गया था और न ही ये बताया गया कि किसने इन्हें लगवाया है। वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस के राज्य प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने इन पोस्टर नकली बताया। दोनों नेताओं ने इसे गठबंधन तोड़ने की कोशिश करार दिया।
अखिलेश यादव जी, यह गठबंधन INDIA गठबंधन है और यह लड़ाई सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और संविधान को बचाने की है।
बीजेपी चाहे लाख भ्रम फैला ले, लाख षड्यंत्र कर ले पर इस गठबंधन को तोड़ना तो दूर, छू भी नहीं सकती।
INDIA गठबंधन एकजुट है एकजुट रहेगा..!
— (समण) Rajendra Pal Gautam (@AdvRajendraPal) October 25, 2026
भाजपा को घेरते हुए पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने एक्स पोस्ट में लिखा, ‘गठबंधन’ से भाजपा के पेट में हुआ दर्द…‘नक़ली पोस्टर’ लगा रही, इतना गई डर…उप्र के म्युनिसिपल उच्चाधिकारियों को निलंबित कर देना चाहिए क्योंकि कुछ लोग बिना पैसा जमा किये सरेआम पोस्टर लगवा रहे हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है या तो इसका आधार भ्रष्टाचार है या शासन का दबाव। इन अज्ञात पोस्टरों को जब चोरी-छिपे लगाया जाता है तो स्थानीय राजस्व की हानि भी होती है, क्योंकि ऐसे पोस्टर बिना शुल्क के लगाए जाते हैं क्योंकि अगर शुल्क का आधिकारिक रूप से भुगतान किया गया तो भुगतान की रसीद भी काटनी पडेगी, ऐसे में साज़िशकर्ता का नाम बाहर आ जाएगा और वो पकड़ा जाएगा। राजस्व की इस हानि का ख़ामियाज़ा संबद्ध अधिकारियों से भरवाना चाहिए और उनके ख़िलाफ़ जाँच बैठाकर निलंबित भी कर देना चाहिए।”
उन्होंने आगे लिखा, “ऐसी जितनी भी घटनाएं हो रहीं हैं हम उनका रिकार्ड तारीख़वार रख रहे हैं और ये रिकॉर्ड भी रख रहे हैं कि इस समय कौन सा अधिकारी इसके लिए ज़िम्मेदार था। पीडीए सरकार आ रही है अब वही इन भ्रष्ट अधिकारियों का सारा कच्चा-चिट्ठा खोलेगी। ED-CBI से लेकर EOW तक सबकों सक्रिय करके, इन सब भ्रष्ट अधिकारियों का पक्का हिसाब-किताब किया जाएगा।”
इसके जवाब में कांग्रेस के राज्य प्रभारी ने लिखा, “अखिलेश यादव जी, यह गठबंधन INDIA गठबंधन है और यह लड़ाई सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और संविधान को बचाने की है।बीजेपी चाहे लाख भ्रम फैला ले, लाख षड्यंत्र कर ले पर इस गठबंधन को तोड़ना तो दूर, छू भी नहीं सकती। INDIA गठबंधन एकजुट है एकजुट रहेगा..!”



