उत्तर प्रदेशगोरखपुर

शिष्टाचार, अनुशासन और समभाव की धारणा से ही भाजपा कार्यकर्ता वंदनीय

सूर्य प्रताप शाही ने मतदाता अभिनंदन समारोह को किया संबोधित

देवरिया : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से शनिवार को पथरदेवा के तरकुलवा नगर पंचायत में मतदाता अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मतदाताओं और पार्टी के कार्यकर्ताओं को पटका पहनाकर तथा मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है, जहां कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने के लिए संभावनाएं हैं और अंतिम पंक्ति के कार्यकर्ता को भी अग्रिम पंक्ति में आने का मौका है। अन्य दलों में सारे पद परिवार में ही रख लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि हमारा कार्यकर्ता विपरीत परिस्थितियों में भी राष्ट्रहित के कार्यों और समाज में सौहार्द कायम रखने का कार्य करता है। पार्टी की अपनी एक विशिष्ट कार्यशैली है। शिष्टाचार, अनुशासन और सभी के प्रति समभाव की धारणा और इसी कार्यशैली के कारण भाजपा का कार्यकर्ता वंदनीय है।

कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोपरि : शशांक

अभिनंदन समारोह को सम्बोधित करते हुए सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं की बदौलत पुनः तीसरी बार केंद्र में हमारी सरकार बनी है। इसलिए कार्यकर्ताओं का सम्मान हमारे लिए सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि संगठन के सच्चे सिपाहियों के साथ समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करता रहूंगा तथा देवरिया के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत रहूंगा। जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि जिस प्रकार से हमारे कार्यकर्ताओं ने अथक परिश्रम करके पार्टी को जीत दिलाने का कार्य किया है, निश्चित ही वो अभिनंदन के पात्र हैं। मंडल से लेकर बूथ स्तर तक पार्टी के कार्यकर्ताओं के माध्यम से क्षेत्र के जनता की सेवा होती रहेगी। उन्होंने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का स्वागत कर आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन विधानसभा संयोजक अवधेश सिंह ने किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री, श्रीनिवास मणि, प्रमोद शाही, रविंद्र कौशल, जितेंद्र प्रताप राव, संजय सिंह सैंथवार, रामाशीष गुप्ता, रामशंकर सिंह कुशवाहा, मंडल अध्यक्ष जीवनपति तिवारी, विजय श्रीवास्तव, रमेश सिंह, उमेश मल्ल, विनय राव उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button