
Kannauj Accident : यूपी के कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक तेज़ रफ़्तार ट्रक ने खड़ी स्कूल बस को टक्कर मार दी। इस हादसे में चार स्कूली छात्रों की मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल बताए जा रहे हैं। जिनमें छात्र व स्कूल स्टाफ शामिल हैं। ये बस वृन्दावन, मथुरा से पिकनिक कर जनपद कौशांबी वापस जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा थाना ठठिया क्षेत्रान्तर्गत आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के किमी 209.9 पर हुआ। जनपद कौशांबी की ओरिएंट पब्लिक स्कूल की बस वृन्दावन, मथुरा से पिकनिक कर वापस लौट रही थी। इस दौरान एक्सप्रेस वे पर खड़ी थी जिसमें पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल तुरंत मौक़े पर पहुँचे और घायल छात्रों को इलाज के लिए तिर्वा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
स्कूल के प्रिंसिपल और एक अन्य बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें कानपुर रेफर किया जा रहा है। वहीं, मामूली रूप से घायल 22 बच्चों का इलाज तिर्वा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। कन्नौज पुलिस ने बताया कि हादसे में 4 स्कूली बच्चों की मृत्यु हो गई तथा 24 बच्चे/स्कूल स्टाफ घायल हुए हैं, जिनमें दो गंभीर घायल हैं। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज तिर्वा में भर्ती कराकर उपचार कराया जा रहा है। दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज हेतु हायर सेंटर कानपुर रेफर किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं तथा शेष सुरक्षित बच्चों की घर वापसी हेतु व्यवस्था की जा रही है।



