
वाराणसी: आज कार्तिक पूर्णिमा को देवों के देव महादेव भगवान शिव की नगरी काशी (वाराणसी) में देव दीपावली का भव्य उत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर मां गंगा के तट के किनारे बनें बनारस के घाटों पर इस और उस पार रेत पर कुल मिलाकर 11 लाख दीये प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। वहीं, श्रद्धालु व पर्यटक भव्य ड्रोन शो और लेजर शो का आनंद भी ले पाएंगे।
जानकारी के अनुसार, आज शाम भगवान शिव की नगरी काशी में दीप प्रज्वलन शाम 5:15 से 5:45 बजे होगा। मां गंगा के दोनों तट पर एक ओर अर्धचंद्राकार घाट दीपों की माला पहनकर अलौकिक छटा बिखेरेंगे, तो दूसरी ओर गंगा पार रेती पर आसमान सतरंगी रोशनी से सराबोर होगा। इसके बाद मां गंगा की आरती शाम 6:00 से 7:00 बजे तक प्रस्तावित है। इस दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों को ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो, लेजर शो और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। गंगा किनारे शाम 7:20 बजे से 7:45 बजे तक चेतसिंह किले की प्राचीर पर 25 मिनट की शिव तांडव स्तोत्र और गणेश वंदना की विशेष प्रस्तुति होगी।
भजन की धुन पर होने वाली ग्रीन आतिशबाजी और ड्रोन शो आकाश में आकर्षक रंग-बिरंगे दृश्य देव दीपावली के उत्सव को और भव्य बनाएंगे। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार के सामने गंगा पार रेती पर रात 8:30 से 8:40 बजे तक 10 मिनट के ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो होगा।
देव दीपावली पर 25 से अधिक आईपीएस और 50 से अधिक पीपीएस अधिकारियों के साथ 3,000 से अधिक महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी सुरक्षा की कमान संभालने वाले हैं। इसके अलावा, सीआरपीएफ, पीएसी और त्वरित कार्रवाई दल की टीमें भी सुरक्षा में तैनात रहने वाली हैं। आपात स्थिति की आशंका हो देखते हुए तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अस्पतालों में बेड आरक्षित किए गए हैं।



