उत्तर प्रदेशराजनीति

‘मां से मिली पहली भिक्षा और गोरखपुर से पंचूर तक…’ सीएम ने योगी की पाती में किया जिक्र

लखनऊ: पिछले दिनों मां सावित्री देवी के निधन पर सीएम योगी आदित्यनाथ काफी भावुक नजर आए थे। मां की अंतिम यात्रा से पहले सीएम योगी फूट फूटकर रो पड़े थे। जिसने हर किसी को भावुक कर दिया था। अब उन्होंने योगी की पाती में उन अनुभवों को साझा किया। जिनमें मां से योगी आदित्यनाथ को मिली पहली भिक्षा और गोरखपुर से लेकर पंचूर तक जिक्र किया गया है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को एक्स पोस्ट के जरिए योगी की पाती का अंक साझा किया। इसके साथ उन्होंने कहा, “सनातन संस्कार मातृ वंदना से अभिसिंचित हैं। कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जो कभी चुकाए नहीं जा सकते। हां, हम अपना कर्तव्य अवश्य निभा सकते हैं। सार्वजनिक जीवन में आने के बाद प्रदेश की मातृशक्ति के लिए यही कर्तव्य निभाने का प्रयास कर रहा हूं। प्रत्येक माँ के प्रति सच्चा सम्मान यही होगा कि आज हर प्रदेशवासी यह संकल्प ले कि वह किसी निराश्रित माँ का संबल बनेगा, किसी वंचित माँ की पीड़ा को समझेगा और किसी दुखियारी माँ के चेहरे पर मुस्कुराहट लाएगा।”

योगी की पाती में सीएम ने क्या लिखा

“यह पाती प्रत्येक मां के नाम है जिनके बिना जीवन नहीं होता है। हम-आप नहीं होते हैं। प्राणी का कोई अस्तित्व नहीं होता है। यह दुनिया नहीं होती। मां केवल जननी ही नहीं जगत जननी है। ईश्वर की जननी भी मां ही है। आज फिर मां के स्मरण में नयन अश्रुपूरित हैं। प्रभु श्रीराम के वन गमन के समय मां कौशल्या का आशीर्वाद। मां की इच्छा से भगवान श्रीकृष्ण का मथुरा के कारावास से गोकुल जाना। मां के संस्कार से एक प्राणी का बालक ध्रुव, प्रह्लाद या मनुष्य हो जाना। मां वह है जो हर किसी की जगह ले सकती है लेकिन एक मां की जगह कोई नहीं ले सकता है। मां की ममता दुनिया की सबसे सुंदर भावना है।

मां के न होने का अर्थ केवल किसी व्यक्ति का जीवन में नहीं होना भर नहीं यह भावनात्मक सुरक्षा बिना शर्त प्यार और घर की एक गहरी छांव के हट जाने जैसा है। मेरी प्रथम गुरु, मुझे अक्षर ज्ञान देने वाली पूजनीय मां जब अनंत यात्रा पर निकल गईं हैं, तो मेरी आंखों के सामने वह दृश्य बरबस ही कौंध गया। जब मैं सन्यास ग्रहण करने के तीन वर्ष से भी अधिक बीत जाने के बाद भगवा वस्त्र में अपने घर की दहलीज के बाहर खड़ा था। गोरखपुर से पंचूर की इस यात्रा में भावनाओं का ज्वार उमड़ रहा था। संन्यास परंपरा के महत्वपूर्ण विधान के अनुसार मैंने भिक्षा के लिए आवाज लगाई। आवाज सुनकर मां बाहर आईं, तो उन्हें सहसा विश्वास नहीं हो पा रहा था। मां कुछ बोल पातीं, उससे पहले ही मैंने कहा- ‘मां, भिक्षा दीजिए।’ मां ने स्वयं को संभालने की कोशिश की और कहा, ‘बेटा, यह क्या हाल बना रखा है? घर में क्या कमी थी, जो भीख मांग रहे हो?’ मैंने उत्तर दिया, ‘मां, संन्यास मेरा धर्म है। एक योगी की भिक्षा ही भिटौली मां, मैं यहां रहने नहीं, भिक्षा मांगने आया हूं। आप भिक्षा में जो कुछ देंगी, वही मेरे मनोकामना को पूर्ण करेगा। मां की ममता ने संन्यासी बेटे के संकल्प का सम्मान किया।

सनातन संस्कार मातृ वंदना से अभिसिंचित है। कुछ ऋण ऐसे होते हैं जो कभी चुकाए नहीं जा सकते हैं। हां हम अपना कर्तव्य अवश्य निभा सकते हैं। सार्वजनिक जीवन में आने के बाद प्रदेश की मातृशक्ति के लिए यही कर्तव्य निभाने का प्रयास कर रहा हूं। प्रत्येक मां के प्रति सच्चा सम्मान यही होगा कि आज हर प्रदेशवासी संकल्प ले कि वह किसी निराश्रित मां का संबल बनेगा। किसी वंचित मां की पीड़ा को समझेगा और किसी दुखियारी मां के चेहरे पर मुस्कुराहट लाएगा।”

Related Articles

Back to top button