
Hisar Military Exercise Accident : हरियाणा के हिसार में सैन्य अभ्यास के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। यहां टैंक से कुचलकर भारतीय सेना के दो जवान मनीष और अंकुश कुमार शहीद हो गए। दोनों यूपी के रहने वाले थे। सैन्य प्रशिक्षण केंद्र में करीब 32 टैंकों के साथ प्रशिक्षण चल रहा था। उस दौरान हादसा हुआ।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शनिवार को हिसार में सैन्य प्रशिक्षण के दौरान 32 टैंक एकसाथ मूवमेंट कर रहे थे। जिसके कारण धूल का गुबार उठा। इस दौरान टैंक चालक को आगे खड़े जवान मनीष और अंकुश कुमार दिखाई नहीं दिए और टैंक उनके ऊपर से गुजर गए। हादसे के बाद दोनों जवानों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान घायल जवान शहीद हो गए। रविवार सुबह सदर थाना पुलिस ने शहीदों के शवों का नागरिक अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद में दोनों जवानों के शवों को सैनिक छावनी ले जाया गया। वहां पर सम्मान के साथ दोनों जवानों को विदाई दी गई।
हादसे में शहीद हुए 27 वर्षीय लांस नायक मनीष कुमार, यूपी के शामली जिले में भाजू गांव के रहने वाले थे। वह 7 साल पहले सेना में भर्ती हुई थे। उनके पिता रामबीर सेना के कैप्टन पद से रिटायर हुए। करीब डेढ़ साल पहले मनीष कुमार की शादी हुई थी। जबकि 35 वर्षीय नायक अंकुश पटेल 2010 में सेना में भर्ती हुए थे। वह बदायूं के आमगांव के रहने वाले थे। उनके पिता आदेश कुमार सिंह सेना में नायक पद से रिटायर हुए थे। अंकुश की 12 साल की बेटी नंदनी और छह साल का बेटा हर्ष है।



