
लखनऊ : सीएम योगी आदित्यनाथ आज उत्तर प्रदेश नागरिक सुरक्षा विभाग की एयर रेड/ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज-2026 में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने आपदा या किसी आपात स्थिति के लिए नागरिकों को पहले से तैयार और सजग रहने की सलाह दी। सीएम योगी ने कहा कि आपदा कभी बताकर नहीं आती है, इसलिए नागरिकों को पहले से तैयार रहना जरूरी है।
सीएम योगी ने कहा कि आज के समय की आवश्यकता है कि हर नागरिक को जागरूक किया जाए और संकट की परिस्थिति में स्वयं भी सजग एवं सतर्क रहा जाए। जो राष्ट्र इस प्रकार जागरूक और सतर्क रहेगा, वह किसी भी आपदा से उतनी ही तत्परता और प्रभावी ढंग से निपटने में सफल होगा। उन्होंने कहा कि नागरिक सुरक्षा का अर्थ है कि संकट की घड़ी में किसी को अकेला न छोड़ा जाए। जब कोई आपदा आए, दुर्घटना हो या राष्ट्र पर कोई विपत्ति आए, तो ऐसी परिस्थितियों में हम एक नागरिक के रूप में किंकर्तव्यविमूढ़ नहीं रह सकते। प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।
ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज-2026 में कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि जो समाज और राष्ट्र सतर्क एवं सजग रहेगा, वह अपने ऊपर आने वाली हर आपदा का तत्परता और प्रभावी ढंग से सामना करने में सफल होगा। उन्होंने आगे कहा कि आपदा बताकर नहीं आती है। व्यक्ति के जीवन, सामाजिक जीवन या राष्ट्र के सामने कोई भी विपत्ति तिथि देखकर नहीं आती है। इसलिए आवश्यक है कि हम समाज में प्रशिक्षित स्वयंसेवक तैयार करें और प्रत्येक नागरिक को जागरूक करें, ताकि हर संकट की परिस्थिति में सभी सजग एवं सतर्क रहें।



