उत्तर प्रदेश

सहारनपुर : SC के जज की जगह ओवैसी को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर, बड़ी चूक पर जांच के आदेश

सहारनपुर : यूपी के सहारनपुर में पुलिस की ओर से बड़ी चूक का मामला सामने आया है। यहां पर सर्किट हाउस में सुप्रीम कोर्ट के जज की जगह पर गलती से AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया गया। अब इस मामले में एसएसपी ने जांच के आदेश दिए हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस टीम जज के आगमन की तैयारी के लिए सुबह ही सर्किट हाउस पहुंच गए थे गई। हालांकि, जब ओवैसी वहां पहुंचे, तब तक जज नहीं आए थे। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी भ्रमित हो गए और उन्होंने ओवैसी को ही औपचारिक सलामी दे दी। बताया जा रहा है कि ओवैसी का सर्किट हाउस जाना उनके मूल कार्यक्रम का हिस्सा नहीं था और वे अचानक पहुंच गए थे।

ओवैसी के साथ उनके गठबंधन के सहयोगी आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आज़ाद भी मौजूद थे। ये दोनों नेता 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के लिए सहारनपुर आए थे। जब पुलिसकर्मियों ने ओवैसी को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ (सम्मान गार्ड) दिया, तो वे खड़े हो गए और इस सलामी को स्वीकार किया।

इस बड़ी चूक पर सहारनपुर पुलिस ने एक बयान में कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) को इस घटना की जांच करने का निर्देश दिया है। पुलिस ने कहा, “जांच के बाद सामने आए तथ्यों और सबूतों के आधार पर नियमों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

बता दें कि ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ सेना या पुलिस का एक औपचारिक सम्मान है, जिसमें आधिकारिक या औपचारिक मौकों पर विशिष्ट अतिथियों को सम्मान देने के लिए जवान एक विशेष क्रम में खड़े होते हैं।

Related Articles

Back to top button