उत्तर प्रदेशराजनीतिलखनऊ

5वां राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह : PM मोदी बोले- IIT के विद्यार्थियों जितना, ITI के छात्रों को भी मिलना चाहिए सम्मान

लखनऊ : “समाज में ITI में पढ़ने वाले बच्चों को लेकर बनी हीनभावना को बदलना जरूरी है। जितना सम्मान IIT के विद्यार्थियों को मिलता है, उतना ही सम्मान ITI के युवाओं को भी मिलना चाहिए। बड़ी-बड़ी कंपनियों को चलाने में ITI प्रशिक्षित युवाओं की अहम भूमिका होती है।” ये बातें पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लखनऊ में आयोजित 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में कही। उन्होंने अपने संबोधन में ITI से जुड़े युवाओं के सम्मान का मुद्दा उठाया।

लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी का विशेष रूप से तैयार उपहारों के साथ अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर उन्हें NSTI फॉर वुमेन, नोएडा की प्रशिक्षुओं द्वारा तैयार पारंपरिक लखनऊ चिकनकारी कढ़ाई वाली तसर सिल्क जैकेट भेंट की गई। इस कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रक्षामंत्री व स्थानीय सांसद राजनाथ सिंह ने पीएम मोदी का स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि IIT हो या ITI, दोनों ही देश की अमानत, सामर्थ्य और भविष्य हैं। युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से सीधे जुड़ने का अवसर मिलना देश के लिए महत्वपूर्ण है। ITI में सीखा गया कौशल और हुनर विकसित भारत की बड़ी ऊर्जा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण युवाओं के हुनर और कौशल से ही होगा। भारत की पारंपरिक कला और शिल्प का उल्लेख करते हुए उन्होंने चिकनकारी, बनारसी और कांजीवरम रेशम, कश्मीरी पश्मीना, कलमकारी और धातु शिल्प जैसी विरासतों को देश की पहचान बताया।

लखनऊ में पीएम मोदी ने कहा कि भारत की पारंपरिक समाज व्यवस्था कौशल पर आधारित रही है। गांवों के जीवन को सुचारू रूप से चलाने में अलग-अलग हुनर और सेवाओं की अहम भूमिका रही है। इसी सोच के आधार पर गुजरात में कौशल विकास का आधुनिक इकोसिस्टम तैयार किया गया। 5वें कौशल दीक्षांत समारोह को उन्होंने कहा कि सरकार ITI के पाठ्यक्रम, मशीनों और प्रशिक्षण व्यवस्था को आधुनिक तकनीक के अनुरूप बनाने पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि PM-SETU योजना के तहत 60 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिससे युवाओं को लाभ मिलेगा।

Related Articles

Back to top button