उत्तर प्रदेशराजनीतिलखनऊ

5वां राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह : सीएम योगी बोले- यूपी में 17 लाख से ज्यादा लोगों को स्किल मिशन के तहत मिली ट्रेनिंग

लखनऊ : यूपी की राजधानी लखनऊ में 21 नवंबर को कौशल दीक्षांत समारोह 2026 का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, सीएम योगी ने पीएम मोदी का 25 करोड़ प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस मौके पर केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे। सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी का आगमन प्रदेश के युवाओं के लिए मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण अवसर है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा, “2015 में प्रधानमंत्री ने विज्ञान भवन में विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर इस स्किल इंडिया महाभियान का शुभारंभ किया था। उस अभियान के माध्यम से दुनिया की सबसे बड़ी यंग वर्कफोर्स, भारत के युवाओं की प्रतिभा को एक मंच देकर युवाओं के मन की उस हताशा-निराशा को दूर करने के लिए भारतीय मनीषा के उद्घोष को उन्होंने आगे बढ़ाने का काम किया था… ‘कोई अयोग्य नहीं लेकिन योग्य योजक हो’…”

उन्होंने आगे कहा, “अगर भारत दुनिया में सबसे युवा देश है तो उत्तर प्रदेश भारत में सबसे युवा प्रदेश भी है। सबसे अधिक युवा उत्तर प्रदेश में निवास करते हैं। प्रधानमंत्री ने जब ये अभियान प्रारंभ किया, 2017 के बाद उनके मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने इस स्किल मिशन अभियान को तेजी के साथ आगे बढ़ाने का काम किया। मुझे बताते हुए प्रसन्नता है कि आज प्रदेश में युवाओं की ताकत को एक मंच मिलने का परिणाम है कि हम लोगों ने इस दौरान 17 लाख से अधिक युवाओं को उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अंतर्गत प्रशिक्षित करके 7 लाख युवाओं को कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से उनका समायोजन करने में सफलता भी हासिल की।”

कार्यक्रम में सीएम ने यह भी कहा कि कहा कि उत्तर प्रदेश में टाटा टेक्नोलॉजीज के सहयोग से 150 से अधिक ITI में AI, ड्रोन, रोबोटिक्स और 3D प्रिंटिंग जैसी उभरती तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके जरिए 12 हजार से अधिक युवाओं को कैंपस प्लेसमेंट मिला है, जबकि 2026 में रोजगार मेलों के माध्यम से 50 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ है।

Related Articles

Back to top button