
हरिद्वार : उत्तराखंड के हरिद्वार में आज यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का अंतिम संस्कार चंडी घाट पर किया जाएगा। जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं, घाट और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
पौड़ी गढ़वाल के पंचूर में सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपनी माँ सावित्री देवी को श्रद्धांजलि दी, जिनका कल निधन हो गया था। सावित्री देवी की अंतिम यात्रा के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बताया जा रहा है कि सुबह 11 बजे सीएम योगी की मां का अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दौरान उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, कई मंत्रियों व विधायकों के मौजूद रहने की संभावना है।
बता दें कि शुक्रवार सुबह 91 साल की उम्र में सावित्री देवी का निधन हुआ था। उस समय योगी गोरखपुर में सरकारी कार्यक्रम में मौजूद थे। कार्यक्रम पूरा करने के बाद वह उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हुए थे।
सीएम योगी आदित्यनाथ अपनी माता की अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए उत्तराखंड के पौड़ी जिले के पंचूर से हरिद्वार रवाना होंगे। कुछ ही देर में उनका काफिला हरिद्वार के चंडी घाट के लिए प्रस्थान करेगा।



