उत्तर प्रदेशराजनीति

अखिलेश का बड़ा दावा- ओपी राजभर ने भाजपा से मांगी 36 सीटें, सपा प्रमुख ने शेयर की लिस्ट

लखनऊ : यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश ने दावा किया है कि कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने भाजपा से 36 सीटों की डिमांड की है। उन्होंने यह भी कहा कि राजभर एनडीए से बाहर निकलना चाहते हैं। इसलिए 36 सीटों की मांग कर रहे हैं। अखिलेश ने विधानसभा सीटों की एक लिस्ट भी जारी की है।

दरअसल, पूर्व सीएम अखिलेश यादव कई बार दावा कर चुके हैं कि एनडीए में भाजपा के सहयोगी दल असंतुष्ट हैं। वह गठबंधन से बाहर होना चाहते हैं। लेकिन, उन्होंने इस बार कथित तौर पर सुभासपा की ओर से मांगी जा रही 36 सीटों की लिस्ट शेयर करके सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है। अखिलेश ने जो लिस्ट शेयर की उनमें ज्यादातर पूर्वांचल की विधानसभा सीटें शामिल हैं।

अखिलेश ने एक्स पर लिस्ट शेयर करते हुए लिखा, “सुभासपा का भाजपा से छत्तीस का आँकड़ा हो गया है, इसीलिए 36 सीट माँग रहे हैं। ये लिस्ट नहीं है हारते हुए ‘NDA’ गिरोह से बाहर निकलने का बहाना है क्योंकि आधारशून्य हो चुकी सुभासपा को अगर भाजपा 36 सीटें देने पर मजबूर हुई तो बाक़ी दल और बी-पी टीम भी उसी हिसाब से सीटें माँगेंगी… फिर तो भाजपा के पास लड़ने के लिए लगभग आधी सीटें ही बचेंगी शायद इसीलिए भाजपा के केवल 209 प्रत्याशियों की सूची आई है।”

Related Articles

Back to top button