उत्तर प्रदेशगोरखपुरराजनीति

गोरखपुर में छात्र की मौत पर सियासत तेज, बीजेपी बोली- JCB से हुई मौत, सपा ने बस से टक्कर का किया दावा

गोरखपुर : सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को सीएम योगी आदित्यनाथ के गढ़ में लंबा रोड और रैली से हुंकार भरी। लेकिन, इस दौरान एक छात्र की मौत से सियासत गरमा गई है। आरोप है कि अखिलेश के रोड शो में शामिल होकर लौट रही जेसीबी के चपेट में आकर भाजपा नेता भाजपा नेता ओंकार सिंह के 13 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई। वहीं, सपा का कहना है कि किशोर की मौत जेसीबी से नहीं बल्कि बस की चपेट में आकर हुई है।

सीएम योगी ने अखिलेश पर बोला हमला

सीएम योगी ने गुरुवार को गोरखपुर के कैम्पियरगंज के भारीवैसी में अपने संबोधन के दौरान छात्र की मौत का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “कल समाजवादी पार्टी का रोड शो था, एक नाबालिग लड़के को उन्होंने रोड शो का शिकार बना दिया। सपा गुंडागर्दी, अराजकता, दंगों और कर्फ्यू की पर्याय है। हर माफिया इनका सगा है और इन्होंने जनता को दगा दिया है… उस मासूम की गलती किया थी। जैसे कुत्तों की पूंछ सीधी नहीं हो सकती वैसे ही ये गुंडे और माफिया डंडे के बल के बिना सीधे नहीं हो सकते। यही काम हमारी सरकार कर रही है।”

सीएम योगी ने छात्र की निर्मम हत्या का आरोप लगाते हुए आगे कहा कि बेशर्मी की हद यह है कि घटना करने वाले ये माफिया पोषक, गुंडागर्दी और अराजकता के पोषक मौन रहे। संवेदना के एक भी शब्द इनके पास नहीं थे…जिन गुंडों ने कल सड़कों पर अराजकता फैलाई, उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए हमने प्रशासन से कहा है, उन गुंडों को ढूंढ निकालो। उनको सजा मिलनी चाहिए कि कई पीढ़ियां याद कर सकें। सीएम ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

बता दें कि इस मामले में हादसे पर पुलिस ने 6 लोगों नामजद किया है, जेसीबी के चालक, साधु यादव, मनोज यादव, मृत्युंजय यादव, योगेश यादव, चंद्र प्रकाश और 60 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस मामले का गहनता से पड़ताल कर रही है। मृतक छात्र के पिता ओंकार सिंह की तहरीर पर एम्स थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है।

अखिलेश यादव का पलटवार

सीएम योगी की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए अखिलेश यादव ने एक्स पोस्ट पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा, “ये वीडियो गवाह है कि गोरखपुर में एक युवक की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु के बारे में उप्र के मुख्यमंत्री जिस प्रकार बिना किसी सबूत के दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं, वो बेहद निंदनीय है और एक बेहद निम्नस्तरीय राजनीति का उदाहरण भी। इस वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि वहाँ न कोई रोड शो है न रैली जिस पर उप्र के मुख्यमंत्री जी दोष मढ़ रहे हैं। इस हादसे पर सियासत का खेल खेलने से मृतक के शोक संतप्त परिवारवालों के साथ भी अन्याय हो रहा है। इस हादसे की सर्वोच्च स्तरीय जाँच हो और सच को उजागर किया जाए।हृदयहीन-असंवेदनशील लोग सिर्फ़ राजनीति करते हैं, एक बच्चे के जाने का दुख परिवारवाले ही समझ सकते हैं।”

Related Articles

Back to top button