
लखनऊ: UPFSDA और यूपी STF की संयुक्त टीम ने हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में नकली दवा फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। यहां पर नालागढ़ में चल रही अवैध फैक्ट्री में छापेमारी की गयी। इस फैक्ट्री में नकली दवाओं को नामी कंपनियों की पैकेजिंग में तैयार किया जा रहा था, ताकि उन्हें असली बताकर बाजार में बेचा जा सके।
जांच एजेंसियों ने यह खुलासा पिछले सप्ताह वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान 17 प्रकार की नकली दवाएं बरामदगी के बाद किया है। नालगढ़ में नकली दवाओं की फैक्ट्री का पर्दाफाश होने के बाद अंतरराज्यीय नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच तेज हो गयी है। छापेमारी में फैक्ट्री में UPFSDA और यूपी STF की संयुक्त टीम को दवाओं के निर्माण और पैकेजिंग में इस्तेमाल की जा रही ब्लिस्टर पैकिंग मशीन, एल्युमिनियम पैकिंग मशीन, कैप्सूल भरने की मशीन और वजन मापने वाले उपकरण मिलें हैं। मौके से प्रिंटेड फॉयल और स्टीरियो प्रिंटिंग से जुड़े उपकरण व मशीनें भी बरामद की हैं।
नकली दवा की फैक्ट्री में इन मशीनों और पैकेजिंग सामग्री के जरिए नकली दवाओं को नामी कंपनियों के ब्रांड जैसा रूप दिया जा रहा था। इन नकली दवाओं को असली दवाओं के नाम पर बेचे जाने की आशंका है। रिपोर्ट्स के अनुसार, राजपुरा-खेड़ा बाईपास स्थित इस अवैध दवा फैक्ट्री में एंटीबायोटिक, न्यूरो मेडिसिन और एसिडिटी से जुड़ी दवाओं का अवैध निर्माण किया जा रहा था।



